Agra News: आगरा में दिव्यांग पेंशन के लिए आवेदन प्रक्रिया सरल कर दी गई है। अब दिव्यांगों को पेंशन के लिए ग्राम पंचायत के प्रस्ताव की आवश्यकता नहीं होगी। ऑनलाइन आवेदन के बाद जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी द्वारा सत्यापन कर एक सप्ताह में पेंशन स्वीकृति का रास्ता साफ हो जाएगा।
पेंशन के लिए दिव्यांगों को अब न तो प्रधान के चक्कर लगाने की जरूरत पड़ेगी और न ही पंचायत सचिव के। ग्राम पंचायत से प्रस्ताव की अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है। दिव्यांग पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन कराना होगा। इसके बाद जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय से सत्यापित होकर डीएम के माध्यम से शासन को पेंशन के लिए भेज दिया जाएगा।
इस प्रक्रिया में मात्र एक सप्ताह का समय लगेगा। इसके पहले चार से पांच माह में भी आवेदन आगे ही नहीं बढ़ पाता था। दिव्यांगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। दिव्यांग पेंशन के लिए दिव्यांगजन ग्राम पंचायत स्तर पर बने जनसेवा केंद्र या फिर अपनी सुविधा के अनुसार कहीं से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आवेदक को कहीं पर जाने की जरूरत नहीं है।
ऑनलाइन होगा दिव्यांगता और आय प्रमाण पत्र का सत्यापन
विभाग की साइट पर पहुंचने के बाद जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सत्यापन करेंगे। ऑनलाइन ही दिव्यांगता और आय प्रमाण पत्र का सत्यापन किया जाएगा। इन्हें सही पाए जाने पर डीएम के पास भेजा जाएगा। यहां से संस्तुति मिलने के बाद शासन को पेंशन स्वीकृति की संस्तुति कर दी जाएगी। पूरी प्रक्रिया आठ से 10 दिन के अंदर हो जाने के बाद आवेदन को भेज दिया जाता है।
इस व्यवस्था के बाद से दिव्यांगजनों को काफी लाभ मिलेगा। साथ ही पेंशन स्वीकृति में देरी नहीं होगी। अभी तक 20 हजार से अधिक दिव्यांगों को पेंशन मिल रही है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ज्ञान देवी ने बताया कि उनकी समस्याओं को देखते हुए शासन को लिखा गया था। ग्राम पंचायत से प्रस्ताव की अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है।
पहल का स्वागत
भारतीय दिव्यांग संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बॉबी गोला ने कहा कि यह पहल स्वागत योग्य है। दिव्यांग को इससे बड़ी राहत मिलेगी। आवेदन के बाद लगने वाला चार से पांच माह का समय भी नहीं लगेगा। पात्र दिव्यांगों को समय पर लाभ मिल सकेगा।