लखनऊ हाईकोर्ट ने वकीलों के आपराधिक इतिहास पर जताई हैरानी, संपत्ति का ब्योरा मांगा

Share

- Advertisement -

Lucknow News: इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने जिला अदालत में वादकारी और दिल्ली से आए अधिवक्ताओं से मारपीट के मामले में शामिल वकीलों के आपराधिक इतिहास पर हैरानी जताई है। खुफिया विभाग की रिपोर्ट देखने के बाद अदालत ने तीनों आरोपित वकीलों से आयकर रिटर्न, संपत्ति और कारोबार का ब्योरा शपथपत्र के साथ दाखिल करने का आदेश दिया है।

न्यायमूर्ति राजन राय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ल की खंडपीठ ने स्वतः संज्ञान लेकर दर्ज जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया। अदालत ने कहा कि पुलिस के खुफिया विभाग की रिपोर्ट से बहुत ही दुखद तस्वीर सामने आ रही है। इसी जनहित याचिका के साथ ऐशबाग के विवादित परिसर पर जबरन कब्जे समेत कुल 34 मामलों की सुनवाई हुई।

तीन वकीलों से शपथपत्र के साथ ब्योरा तलब

अदालत ने मामले में कथित रूप से शामिल वकीलों सौरभ कुमार वर्मा, हर्षित पांडेय उर्फ यश और अभय प्रताप वर्मा को आयकर रिटर्न, चल-अचल संपत्तियों, व्यवसाय और पिछले पांच वर्षों में संपत्तियों की खरीद-बिक्री का पूरा ब्योरा शपथपत्र के साथ दाखिल करने का आदेश दिया है। तीनों के जेल में होने के कारण न्यायालय ने जेल प्रशासन को उनके वकीलों से मुलाकात कराने का निर्देश भी दिया है, ताकि जरूरी दस्तावेज और शपथपत्र दाखिल किए जा सकें।

225 वकीलों की सूची, 13 का लंबा आपराधिक इतिहास

सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से आपराधिक इतिहास वाले 225 अधिवक्ताओं की सूची कोर्ट को सौंपी गई। न्यायालय ने कहा कि इसमें छोटे मामले का सामना कर रहे वकीलों के भी नाम हैं, जबकि उसे गंभीर अपराधों और संपत्तियों पर कब्जा करने वाले वकीलों की जानकारी चाहिए। सरकार ने बताया कि 13 ऐसे वकील हैं, जिनका लंबा आपराधिक इतिहास है और 82 ऐसे वकीलों की पहचान की गई है, जो जमीन-संपत्ति पर कब्जे में शामिल रहते हैं। न्यायालय ने उनकी सूची प्रस्तुत करने का आदेश दिया।

ऐशबाग मामले में 19 आरोपित, 13 गिरफ्तार

ऐशबाग स्थित विवादित परिसर पर वकीलों और अन्य लोगों द्वारा जबरन कब्जा करने के मामले में सरकार ने बताया कि 19 आरोपितों में से 13 गिरफ्तार हैं और छह को जमानत मिल चुकी है। फरार छह आरोपितों की उद्घोषणा और कुर्की के लिए निचली अदालत में प्रार्थनापत्र दिया गया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि अग्रिम जमानत की अर्जी लंबित होने से इस कार्रवाई पर रोक नहीं लगती। हाईकोर्ट ने जनपद न्यायाधीश लखनऊ से इस संबंध में रिपोर्ट भी मांगी है।

2010 से अब तक के मामलों का ब्योरा तलब

वकीलों की वेशभूषा में उत्पात करने वालों से जुड़े मामलों में अदालत ने पुलिस कमिश्नर लखनऊ समेत अन्य अधिकारियों को वर्ष 2010 से अब तक की आपराधिक घटनाओं और मामलों की जांच का ब्योरा पेश करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी। दो अन्य याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अदालत ने एक अधिवक्ता पर आरटीआई से सूचना मांगने और जनहित याचिका दाखिल करने पर रोक लगा दी। उस पर इनके दुरुपयोग का आरोप है।

21 जुलाई की घटना से शुरू हुआ था मामला

यह मामला 21 जुलाई 2026 को लखनऊ के कैसरबाग स्थित जिला अदालत परिसर में हुई घटना से जुड़ा है, जिसमें दिल्ली से आए अधिवक्ताओं और उनके मुवक्किल मोहम्मद शाकिर के साथ मारपीट हुई थी। घटना की जानकारी सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को दी गई थी, जिसके बाद हाईकोर्ट की विशेष खंडपीठ का गठन हुआ था। जुलाई में अदालत ने चार अधिवक्ताओं को जिला अदालत परिसर में प्रवेश से रोक दिया था और खुफिया ब्यूरो को उनकी पृष्ठभूमि की जांच का निर्देश दिया था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News