बेंगलुरु में कुक की 40 हजार सैलरी पर छिड़ी बहस, ग्रेजुएट्स को मिल रहे सिर्फ 30 हजार

Share

- Advertisement -

Bengaluru News: बेंगलुरु के एक मार्केटर ने अपनी कुक की कमाई की तुलना ग्रेजुएट युवाओं की नौकरियों से की है। उनकी कुक 5 से 6 घरों में खाना बनाकर हर महीने करीब 40 हजार रुपये कमाती हैं, जबकि ग्रेजुएशन और मार्केटिंग की स्किल मांगने वाली नौकरियों में सिर्फ 30 हजार रुपये सैलरी दी जा रही है।

बेंगलुरु के मार्केटर और कंटेंट क्रिएटर कार्तिकेय उनियाल ने लिंक्डइन पर एक पोस्ट शेयर की है, जिस पर सोशल मीडिया में बहस छिड़ गई है। उन्होंने बताया कि उनकी कुक हर महीने करीब 40 हजार रुपये कमाती हैं। वहीं, उनके लिंक्डइन फीड पर ऐसी नौकरियों के विज्ञापन दिखाई देते हैं, जिनमें ग्रेजुएशन की डिग्री, मार्केटिंग की जानकारी और सोशल मीडिया पर काम करने की स्किल मांगी जाती है, लेकिन सैलरी केवल 30 हजार रुपये की ऑफर होती है।

सुबह 8 से रात 8 बजे तक का काम, दोपहर में 2-3 घंटे का ब्रेक

उनियाल के मुताबिक, उनकी कुक सुबह करीब 8 बजे काम शुरू करती हैं। वह 5 से 6 घरों में खाना बनाने का काम करती हैं और फिर दोपहर में दो से तीन घंटे का ब्रेक लेती हैं। इसके बाद वह शाम में फिर अपना काम शुरू करती हैं और 8 बजे तक काम पूरा होने के बाद अपने घर लौट जाती हैं।

छुट्टी पर नहीं कटते पैसे, ऑफिस के बाद भी नहीं आता कॉल

उनियाल ने अपनी पोस्ट में बताया कि उनकी कुक को रविवार और त्योहारों पर छुट्टी भी मिलती है। अगर वह कभी छुट्टी लेती हैं तो उनकी सैलरी भी नहीं काटी जाती। शाम 8 बजे काम खत्म करके घर जाने के बाद उन्हें कोई फोन नहीं करता और न ही रविवार या छुट्टी के दिन अचानक कोई काम दे दिया जाता है। इसके उलट, कई कॉर्पोरेट कर्मचारियों को ऑफिस का समय खत्म होने के बाद भी कॉल किया जाता है और मैसेज आते रहते हैं।

30-40 हजार में बेंगलुरु में रहना मुश्किल

मार्केटर ने अपनी पोस्ट में बेंगलुरु में रहने के खर्च पर भी चर्चा की है। उनके मुताबिक, शहर में 30 से 40 हजार रुपये महीने कमाने वाले युवाओं के लिए गुजारा करना बहुत मुश्किल है। किराया, खाना और रोजाना आने-जाने का खर्च मिलाकर सैलरी का बड़ा हिस्सा खत्म हो जाता है। उन्होंने खास तौर पर नए बीटेक और एमबीए ग्रेजुएट्स की स्थिति का जिक्र किया, जिन्हें कम शुरुआती सैलरी में लंबे काम के घंटे और सख्त डेडलाइन का सामना करना पड़ता है।

सोशल मीडिया पर हैरान हैं लोग

उनियाल की पोस्ट पर कई लोगों ने अपनी राय रखी। कुछ यूजर्स ने कहा कि कई घरों में काम करके कुक ने अपनी कमाई के एक से ज्यादा स्रोत बना लिए हैं। ऐसे में अगर एक घर में काम छूट भी जाए तो उनकी पूरी कमाई बंद नहीं होती। कुछ लोगों ने प्रेस करने वाले और इलेक्ट्रिशियन जैसे स्वतंत्र रूप से काम करने वाले लोगों के उदाहरण भी दिए। उनका कहना था कि ऐसे कामगार अपने समय और काम को खुद मैनेज कर सकते हैं, जबकि नौकरी करने वाले लोगों के पास कई बार अपनी दिनचर्या को बैलेंस करने का कोई विकल्प नहीं होता।

उनियाल ने लिखा कि वह इस बात से खुश हैं कि उनकी कुक अपने लिए अच्छा कर रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि यह एक आंखें खोल देने वाली सच्चाई है कि बाजार आज वास्तव में किस चीज को महत्व देता है। सालों से यही कहा जाता रहा है कि डिग्री पाना स्थिर और अच्छी तनख्वाह वाली जिंदगी का टिकट है, फिर भी हजारों पढ़े-लिखे ग्रेजुएट 40 हजार रुपये महीना कमाने के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News