चंबा सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एक ही परिवार के सदस्यों का अंतिम संस्कार, पुलिस जवान को राजकीय सम्मान से विदाई

Share

- Advertisement -

Chamba News: पठानकोट-चम्बा-भरमौर नेशनल हाईवे पर लाहड़ के पास सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मारे गए एक ही परिवार के सदस्यों का बुधवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। सकोह में तैनात पुलिस जवान रिपन राणा को उनके पैतृक गांव गैहरा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी गई।

एक साथ सजीं चार चिताएं, पूरा इलाका हुआ गमगीन

जब परिवार के सदस्यों के शव गांव पहुंचे तो परिजनों के चीखने-चिल्लाने से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। हादसे में पिता, पुत्र (पुलिस जवान रिपन), बहू, पोते और भतीजी समेत 5 लोगों की जान चली गई। श्मशानघाट में एक साथ 4 चिताएं जलती देख हर आंख नम हो गई। रिपन राणा और उनकी पत्नी रिम्पी का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर हुआ।

पुलिस गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम सलामी

पुलिस जवान रिपन राणा की अंतिम यात्रा राजकीय सम्मान के साथ निकली। पुलिस साथियों ने नम आंखों से कंधा देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी। ‘रिपन कुमार अमर रहे’ के नारों के बीच अंतिम यात्रा श्मशानघाट पहुंची। वहां पुलिस जवानों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और हवा में गोलियां चलाकर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम सलामी दी।

सम्मान में बंद रहा बाजार, हजारों लोग पहुंचे

एक ही परिवार के खत्म हो जाने से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है। जवान और उनके परिवार को श्रद्धांजलि देने के लिए गैहरा के व्यापारियों ने अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखीं। आसपास के गांवों से हजारों लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। अंतिम संस्कार में सुरजीत भरमौरी, ललित ठाकुर और पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News