बिहार के 20 पर्यटन स्थलों पर बनेंगे रोपवे, पटना से सोनपुर तक गंगा पर 7 किमी लंबी केबल कार चलेगी

Share

- Advertisement -

Patna News: बिहार के 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रोपवे सुविधा शुरू करने की योजना है। सबसे बड़ी परियोजना पटना से सोनपुर तक गंगा नदी पर करीब 7 किलोमीटर लंबा रोपवे है, जो राजधानी के जेपी गंगा पथ से बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक जाएगा। गया, बोधगया, रोहतास और कैमूर के धार्मिक व पहाड़ी स्थल भी इस योजना से जुड़ेंगे।

योजना के तहत गया, बोधगया, जहानाबाद, रोहतास और कैमूर के पहाड़ी एवं धार्मिक स्थलों को रोपवे से जोड़ा जाएगा। पटना से सोनपुर तक गंगा पर बनने वाला रोपवे इस योजना की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना है।

गंगा पर 7 किमी लंबा रोपवे, पीपीपी मॉडल पर बनेगा

प्रस्तावित रोपवे पटना के जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) क्षेत्र से सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर तक बनाया जाना है। इसकी लंबाई करीब सात किलोमीटर होगी। परियोजना का निर्माण पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर कराने की योजना है। इसके लिए इसी माह बिहार राज्य सड़क विकास निगम की ओर से प्री-फिजिबिलिटी स्टडी के लिए कंसल्टेंसी टेंडर जारी किया जा चुका है।

इस अध्ययन के माध्यम से परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता, संभावित मार्ग और अन्य पहलुओं का आकलन किया जाएगा। इसके बाद अंतिम लागत, स्टेशन, यात्री क्षमता और विस्तृत तकनीकी स्वरूप का निर्धारण होगा।

पहले चरण में छह स्थलों पर रोपवे

पहले चरण में राज्य के छह प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रोपवे निर्माण की योजनाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। इनमें गया की ब्रह्मयोनि पहाड़ी, बोधगया की डुंगेश्वरी पहाड़ी, गया की प्रेतशिला पहाड़ी, जहानाबाद की वाणावर पहाड़ी, रोहतासगढ़ किला और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी धाम शामिल हैं।

गया और बोधगया क्षेत्र में रोपवे निर्माण की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए कुल 35.91 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इसमें ब्रह्मयोनि पहाड़ी पर रोपवे के लिए 8.67 करोड़ रुपये, डुंगेश्वरी पहाड़ी के लिए 16.76 करोड़ रुपये और प्रेतशिला पहाड़ी के लिए 10.48 करोड़ रुपये शामिल हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News