Delhi News: दिल्ली नगर निगम ने टोल टैक्स उपनियम-2007 में बदलाव कर नए उपनियम-2026 का मसौदा तैयार किया है। इसके तहत बिना टोल चुकाए दिल्ली में प्रवेश करने वाले व्यावसायिक वाहनों से बकाया टोल के साथ पांच गुना जुर्माना वसूला जाएगा। नोटिस मिलने के 72 घंटे के भीतर भुगतान नहीं करने पर वाहन जब्त किया जा सकेगा।
दिल्ली में बिना टोल टैक्स चुकाए प्रवेश करने वाले व्यावसायिक वाहनों पर अब शिकंजा कसने की तैयारी है। निगम ने नए उपनियमों का मसौदा अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दिया है। इस पर 30 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक आम लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी गई हैं। नागरिक adc.tolltax@mcd.nic.in पर भी अपने सुझाव भेज सकते हैं।
धरपकड़ के लिए एएनपीआर कैमरों का इस्तेमाल
नए उपनियमों में टोल वसूली के लिए नकद और आरएफआईडी के अलावा स्वचालित नंबर प्लेट पहचान प्रणाली (एएनपीआर) कैमरों के इस्तेमाल का प्रावधान किया गया है। इसके जरिये दिल्ली में प्रवेश करने वाले व्यावसायिक वाहनों की पहचान और टोल भुगतान की निगरानी की जाएगी। टोल टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों को इलेक्ट्रॉनिक नोटिस भेजा जाएगा।
नोटिस जारी होने या मिलने के 72 घंटे के भीतर बकाया टोल टैक्स, पांच गुना जुर्माना और अन्य निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा।
72 घंटे में भुगतान नहीं तो वाहन होगा जब्त
निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने पर संबंधित वाहन के खिलाफ वसूली वारंट जारी किया जाएगा। इसके बाद वाहन को डिफॉल्टर श्रेणी में डालकर उसका पंजीकरण नंबर डिफॉल्टर डेटाबेस में शामिल किया जाएगा।
ऐसे वाहन को दिल्ली में कहीं भी रोककर हिरासत में लेने और जब्त करने की कार्रवाई की जा सकेगी। टोल चोरी की प्रत्येक घटना को अलग उल्लंघन माना जाएगा और हर बार पांच गुना जुर्माना लगाया जाएगा।
नंबर प्लेट छिपाने वालों पर भी नजर
कुछ व्यावसायिक वाहन चालक नंबर प्लेट छिपाकर या गैर-अधिकृत रास्तों से दिल्ली में प्रवेश कर टोल टैक्स बचाने का प्रयास करते हैं। नए उपनियमों में ऐसे वाहनों की पहचान कर कार्रवाई करने का प्रावधान है।
एएनपीआर कैमरों और आरएफआईडी तकनीक से वाहनों की निगरानी होगी। संदिग्ध वाहन की पहचान होने पर उसका रंग, मॉडल और अन्य विवरण प्रवर्तन टीम को भेजे जा सकेंगे, ताकि उसे रोककर कार्रवाई की जा सके।
निगम निजी एजेंसियों को भी टोल वसूली की तकनीकी व्यवस्था और वाहनों की पहचान का जिम्मा दे सकेगा। हालांकि, वाहन जब्त करने और बकाया वसूली जैसे वैधानिक अधिकार एमसीडी आयुक्त और अधिकृत अधिकारियों के पास ही रहेंगे।