हिमाचल में शुष्क मौसम के बीच बढ़ी ठंड, शिमला-कुफरी से ज्यादा सर्द हुई मैदानी इलाकों की रातें

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बीच सुबह और शाम की ठंड लगातार बढ़ रही है। शिमला और कुफरी की तुलना में मैदानी व निचले इलाकों की रातें अधिक ठंडी हो गई हैं। राज्य के 9 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि कुकुमसेरी माइनस 4.1 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा।

हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बीच सुबह और शाम की ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। आलम यह है कि पहाड़ों की रानी शिमला के मुकाबले राज्य के मैदानी और निचले इलाकों की रातें ज्यादा सर्द हो गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के 9 शहरों का रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि 21 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या उससे नीचे दर्ज किया गया है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो शिमला शहर का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और कुफरी का 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मैदानी इलाकों और जनजातीय क्षेत्रों में तापमान का हाल

शिमला और कुफरी के विपरीत मैदानी और निचले क्षेत्रों में रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सोलन में न्यूनतम तापमान 5, सुंदरनगर में 5.4, मंडी में 6.2, बिलासपुर में 7.5, ऊना में 7.3 और कांगड़ा में 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

वहीं, जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी राज्य में सबसे ठंडा बना हुआ है, जहां तापमान माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। इसके अलावा केलांग में माइनस 1.5, मनाली में 2.8, कल्पा में 3.0, बजौरा में 3.4 और भुंतर में 3.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

26 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम, बारिश में 70 प्रतिशत कमी

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 26 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। आगामी एक सप्ताह तक मैदानी, मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं और न ही किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी की गई है।

पोस्ट मानसून सीजन में बारिश न होने से सूखे जैसे हालात बनते जा रहे हैं। 1 से 19 नवंबर के बीच हिमाचल में सामान्य (10.6 मिलीमीटर) के मुकाबले मात्र 3.1 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 70 प्रतिशत कम है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News