हिमाचल प्रदेश के एएसपी विकास धीमान ने मांगा वीआरएस, विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा (HPS) के अधिकारी और एएसपी विकास धीमान ने विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी के बीच स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के करीबी माने जाने वाले धीमान कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर से भाजपा टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।

    हिमाचल प्रदेश में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विकास धीमान ने अपनी सियासी पारी शुरू करने से पहले राज्य सरकार से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) मांगी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा कर खुद इसकी जानकारी दी है। इससे पहले वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने वीआरएस के लिए आवेदन किया था, लेकिन तब सरकार से मंजूरी नहीं मिल पाई थी।

    मूल रूप से मंडी जिले के संधोल निवासी विकास धीमान 2012 बैच के एचपीएस अधिकारी हैं और करीब नौ महीने पहले ही डीएसपी से एएसपी पद पर पदोन्नत हुए थे। वर्तमान में उन्होंने कांगड़ा जिले के पालमपुर को अपना निवास स्थान बनाया है और वे जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की ओर से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।

    शिक्षा और प्रशासनिक पृष्ठभूमि

    विकास धीमान ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) हमीरपुर से कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) से एमबीए की डिग्री हासिल की और बहुतकनीकी संस्थान सुंदरनगर में कंप्यूटर विज्ञान विभाग के प्रमुख के रूप में भी सेवाएं दी हैं। वर्ष 2022 में जब उन्होंने पहली बार वीआरएस मांगा था, उस समय वे सीआईडी धर्मशाला में डीएसपी के पद पर तैनात थे।

    सोशल मीडिया पोस्ट और आरएसएस की वर्दी में तस्वीर से चर्चा

    पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के करीबी माने जाने वाले विकास धीमान ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर शांता कुमार के साथ तस्वीर लगा रखी है और उन्हें अपना गुरु बताया है। उन्होंने 19 नवंबर को सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उन्होंने सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन कर दिया है। इससे पहले 12 नवंबर को उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ अपनी तस्वीर साझा की थी, जबकि 26 अक्तूबर को वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वर्दी में पथ संचलन करते हुए नजर आए थे।

    29 साल की सरकारी सेवा के बाद चुनाव लड़ने का संकेत

    13 अक्तूबर की एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में विकास धीमान ने लिखा था कि सरकारी सेवा में उनके 29 वर्ष पूरे हो गए हैं और दीपावली के अवसर पर वे स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन कर रहे हैं। इसी पोस्ट पर एक यूजर के कमेंट का जवाब देते हुए उन्होंने लिखा, “चुनाव तो लड़ना ही पड़ेगा और कोई चारा नेताजी ने नहीं छोड़ा है।” उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में अगले वर्ष नवंबर 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

    Read more

    Related News