किन्नौर की बेटी छोंजिन आंग्मो ने 8 की उम्र में खोई आंखों की रोशनी, माउंट एवरेस्ट फतह कर रचा इतिहास; अब 4 और चोटियों पर नजर

Share

- Advertisement -

Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर की छोंजिन आंग्मो माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली भारत की पहली और दुनिया की पांचवीं नेत्रहीन महिला पर्वतारोही हैं। गुरुवार को धर्मशाला में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दुनिया की चार और सबसे ऊंची पर्वत चोटियों पर चढ़ाई कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य साझा किया।

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के भारत-तिब्बत सीमा से सटे दूरदराज गांव चांगो की बेटी छोंजिन आंग्मो ने अपनी इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प से पर्वतारोहण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महज आठ वर्ष की उम्र में आंखों की रोशनी गंवाने के बावजूद उन्होंने 19 मई 2025 को 8,848.86 मीटर ऊंची दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट का सफल आरोहण किया था।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ छोंजिन आंग्मो माउंट एवरेस्ट पर पहुंचने वाली भारत की पहली और दुनिया की पांचवीं नेत्रहीन महिला पर्वतारोही बनी थीं।

धर्मशाला में साझा किया अगला लक्ष्य

गुरुवार को कांगड़ा जिले के धर्मशाला में टोंग-लेन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित वार्षिक ‘थैंक यू डे’ समारोह में छोंजिन आंग्मो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने अपने आगामी लक्ष्यों के बारे में जानकारी देते हुए दुनिया की चार और सबसे ऊंची पर्वत चोटियों पर चढ़ाई कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की इच्छा जताई।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य पर्वतारोहण में नई मिसाल कायम करने के साथ-साथ दिव्यांगजनों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना है। आंग्मो का मानना है कि बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए आंखों की रोशनी होना आवश्यक नहीं है, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास सबसे अधिक मायने रखते हैं।

शिक्षा, बैंक सेवा और खेलों में भी बनाई पहचान

छोंजिन आंग्मो ने आंखों की रोशनी जाने के बाद भी अपनी पढ़ाई जारी रखी और दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस से स्नातक व स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। वर्तमान में वह दिल्ली स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में कस्टमर सर्विस एसोसिएट के पद पर कार्यरत हैं।

पर्वतारोहण के अलावा आंग्मो ने साइकिलिंग, तैराकी, मैराथन दौड़ और मार्शल आर्ट्स सहित कई अन्य खेलों में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News