New Delhi News: अमेरिकी वैज्ञानिकों ने नासा के सहयोग से चांद की सतह जैसी बंजर मिट्टी में आलू उगाने में सफलता प्राप्त की है। ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी के इस शोध में वर्मी कम्पोस्ट के उपयोग से ‘मोडोक’ किस्म के पोषक और सुरक्षित आलू तैयार किए गए। यह प्रयोग भविष्य के चंद्र अभियानों में भोजन की आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमेरिका में शोध कर रहे वैज्ञानिकों ने चांद की सतह जैसी बंजर मिट्टी में आलू उगाने में सफलता हासिल की है। जांच में इन आलुओं को न केवल पोषक पाया गया है, बल्कि यह मानव उपभोग के लिए भी पूरी तरह सुरक्षित हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) द्वारा समर्थित इस शोध का मुख्य उद्देश्य भविष्य में चंद्रमा पर रहने वाले अंतरिक्ष यात्रियों के लिए वहीं भोजन उगाने का मार्ग तैयार करना है, ताकि पृथ्वी से बार-बार खाद्य सामग्री ले जाने की निर्भरता कम हो सके।
वैज्ञानिकों ने इस प्रयोग के लिए आलू की ‘मोडोक’ (Modoc) किस्म को चुना। यह कम समय में तैयार होने वाली किस्म है, जिसका छिलका लाल और अंदर का भाग सफेद होता है।
चांद की मिट्टी में कैसे उगाए गए आलू?
चांद की सतह पर पाई जाने वाली मिट्टी को वैज्ञानिक भाषा में ‘लूनर रेगोलिथ’ कहा जाता है। यह करोड़ों-अरबों वर्षों तक उल्कापिंडों के टकराने से बनी चट्टानों और महीन धूल का मिश्रण है, जिसमें सूक्ष्म नुकीले कण होते हैं। इसमें पृथ्वी की मिट्टी की तरह जैविक पदार्थ और आवश्यक पोषक तत्व मौजूद नहीं होते।
इस चुनौती से निपटने के लिए वैज्ञानिकों ने चांद जैसी मिट्टी में ‘वर्मी कम्पोस्ट’ (केंचुओं की मदद से जैविक कचरे को सड़ाकर तैयार की जाने वाली खाद) मिलाई। शोध में सामने आया कि बिना जैविक खाद के चांद जैसी मिट्टी में पौधों की जड़ें और आलू ठीक से विकसित नहीं हो पाए। जब मिट्टी में 5 प्रतिशत वर्मी कम्पोस्ट मिलाई गई, तो पौधों में जड़ें और आलू बनने शुरू हुए। सबसे बेहतर परिणाम तब मिले, जब मिश्रण में 30 प्रतिशत वर्मी कम्पोस्ट और 70 प्रतिशत चांद जैसी मिट्टी का उपयोग किया गया। इस अनुपात में आलुओं की पैदावार धरती की उपजाऊ मिट्टी के बराबर रही।
अंतरिक्ष यात्रियों के लिए क्यों उपयोगी है आलू की फसल?
इस शोध का नेतृत्व कर रहे ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी के प्लांट बायोलॉजिस्ट आयमेरिक गोयेर के अनुसार, कम क्षेत्रफल में अन्य फसलों की तुलना में आलू अधिक कैलोरी प्रदान करता है। इसमें केले से अधिक पोटैशियम के साथ-साथ विटामिन-सी और प्रोटीन भी पर्याप्त मात्रा में होता है। इसके सेवन से लंबे समय तक पेट भरा रहता है, जिससे यह अंतरिक्ष यात्रियों के लिए ऊर्जा और पोषण का एक प्रभावी स्रोत बन सकता है।
वैज्ञानिकों ने इन पौधों को ग्रीनहाउस में उगाया, जहां दिन का तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रखा गया। पौधों को प्राकृतिक धूप के साथ कृत्रिम प्रकाश भी दिया गया। पहले प्रयोग में छोटे गमलों का उपयोग होने के कारण आलू छोटे आकार (10 ग्राम से कम वजन) के हुए थे, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए इस्तेमाल किया गया। अब बड़े गमलों में किए जा रहे दूसरे अध्ययन में वैज्ञानिकों को बाजार में मिलने वाले सामान्य आकार के आलू भी प्राप्त हुए हैं।
भारी धातुओं का खतरा और अन्य फसलों पर प्रयोग
चांद की मिट्टी में केवल पोषक तत्वों की कमी ही नहीं, बल्कि तांबे जैसी भारी धातुओं की अधिकता भी एक बड़ी समस्या है, जिससे पौधों में विषाक्त तत्व जमा होने का जोखिम रहता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्मी कम्पोस्ट इन भारी धातुओं के प्रभाव को कम कर देता है, जिससे पौधे उन्हें अधिक मात्रा में अवशोषित नहीं कर पाते।
आलू के अतिरिक्त वैज्ञानिक अन्य फसलों पर भी कार्य कर रहे हैं। मार्च में प्रकाशित एक अन्य शोध में चांद जैसी मिट्टी में वर्मी कम्पोस्ट मिलाकर चने उगाने की जानकारी सामने आई थी। वर्तमान में टमाटर, सलाद के पत्ते और अल्फाल्फा जैसी फसलों पर भी प्रयोग जारी हैं।
भविष्य के चंद्र अभियानों और धरती के लिए लाभ
अमेरिका और चीन आने वाले वर्षों में चंद्रमा पर अपने अंतरिक्ष यात्री भेजने और वहां दीर्घकालिक ठिकाने स्थापित करने की योजना बना रहे हैं। इन ठिकानों पर रहने वाले अंतरिक्ष यात्रियों के लिए हर बार पृथ्वी से भोजन भेजना अत्यंत खर्चीला और कठिन होगा। ऐसे में चंद्रमा पर ही खेती की तकनीक विकसित होना अंतरिक्ष अभियानों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
शोधकर्ताओं का मानना है कि इस तकनीक का लाभ पृथ्वी पर भी मिलेगा। इसकी मदद से धरती के उन बंजर या कम उपजाऊ क्षेत्रों में भी खेती को बेहतर बनाया जा सकेगा, जहां मिट्टी की गुणवत्ता खराब है। भविष्य में चांद पर रहने वाले यात्री माइक्रोवेव या अन्य उपकरणों की मदद से इन आलुओं से बेक्ड पोटैटो, सूप, फ्रेंच फ्राइज और आलू टिक्की जैसे व्यंजन भी तैयार कर सकेंगे।