स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाने के मामले में SSG ने स्वीकार की मानवीय भूल, JDU ने की कार्रवाई की मांग

Share

- Advertisement -

Patna News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राघोपुर दौरे के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षा घेरे से हटाए जाने के मामले में विशेष सुरक्षा दल (SSG) ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने और विवाद बढ़ने के बाद एसएसजी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसे मानवीय भूल बताया है।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राघोपुर दौरे के समय मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल (SSG) के कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को रास्ते से हटाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज होने के बाद अब एसएसजी ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्थिति स्पष्ट की है।

सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन के दौरान हुई मानवीय भूल: SSG

विशेष सुरक्षा दल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाने की घटना को प्रचारित किया जा रहा है। इस पूरे मामले की जांच की गई, जिसमें यह पाया गया कि सुरक्षाकर्मियों द्वारा सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप कर्तव्य निभाने के दौरान मानवीय भूल के कारण यह घटना घटित हुई।

विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक, यानी पिछले लगभग दो दशकों तक विशेष सुरक्षा दल की ओर से ही सुरक्षा प्रदान की जाती रही है। हालांकि, एसएसजी ने अपने बयान में किसी भी सुरक्षाकर्मी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की जानकारी नहीं दी है।

JDU ने जताई कड़ी नाराजगी, पुलिस मुख्यालय से हस्तक्षेप की मांग

इस घटना को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। मुख्यमंत्री के सुरक्षा घेरे में तैनात कर्मियों द्वारा निशांत कुमार को पीछे हटाने और धक्का देकर रास्ते से हटाने का वीडियो सामने आने के बाद पार्टी ने पुलिस मुख्यालय से तत्काल हस्तक्षेप कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस तरह का वीडियो सामने आया है, वह बेहद दुखद है और ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने मांग की कि पुलिस मुख्यालय को इस मामले का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

Read more

Related News