वायु प्रदूषण का डायबिटीज मरीजों पर क्या पड़ता है असर? विशेषज्ञ डॉक्टर से जानें बचाव के उपाय

Share

- Advertisement -

Health News: बढ़ते वायु प्रदूषण और जहरीली हवा में मौजूद पीएम 2.5 (PM 2.5) के सूक्ष्म कण केवल सांस के रोगियों के लिए ही नहीं, बल्कि डायबिटीज मरीजों के लिए भी गंभीर खतरा हैं। डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. पारस अग्रवाल के अनुसार, ये कण रक्त में मिलकर इंसुलिन की कार्यक्षमता को बाधित करते हैं, जिससे ब्लड शुगर का स्तर तेजी से बढ़ सकता है।

जहरीली हवा में मौजूद पीएम 2.5 (PM 2.5) कणों में नाइट्रोजन ऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड, अमोनिया, अमोनियम सल्फेट, एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन, लेड, कैडमियम, आर्सेनिक, क्रोमियम, निकल और मैंगनीज जैसे हानिकारक रसायन मिले होते हैं। इनमें से कई तत्व कैंसर का कारण भी बन सकते हैं। सांस के जरिए फेफड़ों में पहुंचने के बाद ये कण रक्त प्रवाह के माध्यम से शरीर के अन्य अंगों तक फैल जाते हैं और डायबिटीज मरीजों की जटिलताओं को बढ़ा देते हैं।

शरीर में ब्लड शुगर कैसे बढ़ाते हैं प्रदूषण के कण?

डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. पारस अग्रवाल बताते हैं कि जब प्रदूषण के सूक्ष्म कण सांस के साथ फेफड़ों में जाते हैं, तो वे वायु कोष यानी एल्वियोली (Alveoli) तक पहुंच जाते हैं। एल्वियोली फेफड़ों की वे सूक्ष्म कोठरियां हैं, जहां हवा जमा होती है और हीमोग्लोबिन ऑक्सीजन को ग्रहण करता है। प्रदूषण के कण इन कोठरियों के आसपास की कोशिकाओं में सूजन (इंफ्लेमेशन) पैदा कर देते हैं।

डॉ. अग्रवाल के अनुसार, ये जहरीले कण एल्वियोली में पहुंचकर ‘एयर-ब्लड बैरियर’ को पार करते हुए सीधे रक्त में मिल जाते हैं। खून के जरिए ये मांसपेशियों और शरीर की अन्य कोशिकाओं तक पहुंचकर ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ाते हैं, जिससे कोशिकाओं में लिपिड पेरोक्सीडेशन के साथ-साथ प्रोटीन और डीएनए को नुकसान होने लगता है।

ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ने से शरीर में ‘प्रो-इन्फ्लेमेटरी साइटोकाइन्स’ नामक प्रोटीन का स्तर बढ़ जाता है। सामान्य स्थिति में यह प्रोटीन चोट या सूजन से कोशिकाओं की रक्षा करता है, लेकिन इसकी अधिकता ऊतकों (टिशूज) को नुकसान पहुंचाने लगती है। यह प्रोटीन मांसपेशियों, लिवर और वसा ऊतकों में इंसुलिन सिग्नलिंग प्रक्रिया को बाधित कर देता है। परिणामस्वरूप, कोशिकाएं इंसुलिन को ठीक से स्वीकार नहीं कर पातीं और शुगर ऊर्जा में परिवर्तित नहीं हो पाती। इससे पहले से मौजूद इंसुलिन संवेदनशीलता (इंसुलिन सेंसिटिविटी) की समस्या और गंभीर हो जाती है तथा ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने लगता है।

वायु प्रदूषण से कैसे बचाव करें डायबिटीज मरीज?

बढ़ते प्रदूषण के बीच डायबिटीज मरीजों को अपनी सेहत के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। डॉ. पारस अग्रवाल ने बचाव के लिए निम्नलिखित सुझाव दिए हैं:

  • अनावश्यक बाहर जाने से बचें: जब वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खराब हो, तो बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। विशेष रूप से सुबह और शाम के समय बाहर टहलने या जाने से परहेज करें।
  • मास्क और पूरे कपड़ों का उपयोग करें: यदि बाहर जाना अत्यंत आवश्यक हो, तो एन-95 (N-95) मास्क अवश्य पहनें और शरीर को पूरी तरह ढककर रखें। बाहर कम से कम समय बिताएं।
  • घर के भीतर का वातावरण सुरक्षित रखें: प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर घर की खिड़कियां बंद रखें। संभव हो तो घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का उपयोग करें और घर के भीतर ही हल्का व्यायाम करें।
  • दवा और जांच में लापरवाही न करें: डॉक्टर द्वारा निर्धारित दवाएं नियमित रूप से लें और कोई भी खुराक न छोड़ें। साथ ही, नियमित अंतराल पर ब्लड शुगर की जांच करते रहें।
  • संतुलित खान-पान अपनाएं: डॉक्टर की सलाह के अनुसार खान-पान में परहेज रखें। अपनी डाइट में हरी साग-सब्जियों और ताजे फलों को अधिक मात्रा में शामिल करें।

Read more

Related News