Mathura News: उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और अमेठी जिले की तिलोई विधानसभा सीट से विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह ने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर से सटे स्थल को लेकर विवादित बयान दिया है। भाजपा के मंथन शिविर में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि यदि कोई हाथ में कुदाल दे दे, तो वे उस स्थल को खोदकर वहां से हटा देंगे।
मथुरा में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मंथन शिविर में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर से सटे मस्जिद परिसर को ‘विवादित स्थल’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने दावा किया कि सनातनी समाज की जो भी इच्छा होगी, वही हमेशा भाजपा और उनका एजेंडा रहा है तथा आगे भी रहेगा।
‘वहां भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनेगा’
मयंकेश्वर शरण सिंह ने अपने बयान में कहा, “निश्चित तौर पर यदि कोई सच्चा सनातनी है और आप उसके दिल से पूछेंगे, तो उस विवादित स्थल को देखने के बाद यही इच्छा होती है कि कोई हाथ में कुदाल दे दे, तो इसे खोदकर यहां से हटा दें। मेरे मन में भी यही विचार आया। मैं भी एक सामान्य व्यक्ति हूं, मेरे अंदर कोई सुर्खाब के पर नहीं लगे हैं, इसलिए मन में कुदाल चलाने की बात आनी चाहिए।”
अमेठी के तिलोई से विधायक ने आगे कहा कि आज नहीं तो कल उस स्थान पर भगवान श्रीकृष्ण का एक भव्य और विशाल मंदिर बनकर खड़ा होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बहुत जल्द विश्व भर के 120 करोड़ सनातनियों के मन की अभिलाषा पूरी होगी।
अयोध्या, मथुरा और काशी हमारे एजेंडे में: मंत्री
अयोध्या का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि यह हमारी कमी रही है कि उस समय यदि पूरा सनातनी समाज एकजुट होकर खड़ा हो जाता, तो किसी की भी भगवान राम या श्रीकृष्ण के मंदिर को तोड़ने की हिम्मत नहीं होती।
उन्होंने कहा कि आज सनातनी समाज एकजुट हुआ है और देश 2047 तक प्रधानमंत्री के विकसित राष्ट्र के संकल्प की ओर बढ़ रहा है। मयंकेश्वर शरण सिंह ने स्पष्ट किया कि चाहे अयोध्या हो, मथुरा हो या काशी, यह मुद्दा हमेशा से भाजपा के एजेंडे में रहा है, न कभी इससे बाहर निकला है और न ही कभी निकलेगा।