Raipur News: छत्तीसगढ़ की साजा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ईश्वर साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक स्टेज पर ‘कहां गओ चिलम तंबाकू को डब्बा’ गाने पर लड़कियों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए विधायक और राज्य सरकार पर निशाना साधा है।
छत्तीसगढ़ की साजा विधानसभा से भाजपा विधायक ईश्वर साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वायरल वीडियो में विधायक ईश्वर साहू एक कार्यक्रम के मंच पर मौजूद हैं और वहां बज रहे ‘कहां गओ चिलम तंबाकू को डब्बा’ गाने पर थिरकते हुए दिखाई दे रहे हैं। मंच पर उनके साथ कुछ लड़कियां भी डांस करती नजर आ रही हैं।
इस वीडियो को लेकर कांग्रेस ने भाजपा विधायक को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर यह वीडियो साझा करते हुए लिखा कि लगातार बढ़ती महंगाई, गरीबों को चना-गुड़ न मिलने और युवाओं की बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जनता परेशान है, लेकिन विधायक को इन जनसमस्याओं से कोई सरोकार नहीं है और उन्हें केवल चिलम और तंबाकू के डिब्बे से ही मतलब है।
कौन हैं विधायक ईश्वर साहू
ईश्वर साहू वर्तमान में छत्तीसगढ़ की साजा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। राजनीति में आने से पहले वे रिक्शा चलाकर और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। साजा विधानसभा के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रवींद्र चौबे को हराकर सुर्खियां बटोरी थीं।
बिरनपुर हिंसा में खोया था अपना बेटा
8 अप्रैल 2023 को साजा विधानसभा क्षेत्र के बिरनपुर गांव में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी। इस घटना में ईश्वर साहू के बेटे भुवनेश्वर साहू की मौत हो गई थी। इस हत्याकांड के बाद क्षेत्र में काफी तनाव फैल गया था और भाजपा के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों ने 10 अप्रैल को छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया था। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया था कि चुनाव के दौरान भाजपा ने ईश्वर साहू को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी।
दिग्गज नेता रवींद्र चौबे को दी थी शिकस्त
बिरनपुर घटनाक्रम के बाद हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ईश्वर साहू को साजा विधानसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया था। इस सीट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रवींद्र चौबे का लंबा राजनीतिक प्रभाव रहा है और वे यहां से सात बार विधायक तथा पूर्व मंत्री रह चुके हैं। ऐसे में ईश्वर साहू के लिए यह मुकाबला कठिन माना जा रहा था, लेकिन चुनाव परिणामों में उन्होंने रवींद्र चौबे को पांच हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की।