गोरखपुर में जेसीबी की चपेट में आने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत, परिजनों ने किया प्रदर्शन, सीएम ने की 5 लाख रुपये की सहायता की घोषणा

Share

- Advertisement -

Gorakhpur News: गोरखपुर के झारखंडी इलाके में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा के दौरान खड़ी जेसीबी की चपेट में आने से 13 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने प्रदर्शन कर एफआईआर की मांग की, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

गोरखपुर के झारखंडी इलाके में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा और जनसभा कार्यक्रम के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से एक 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान भाजपा नेता ओंकार सिंह के पुत्र आर्यवर्धन सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद बच्चे को उपचार के लिए एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार को तत्काल पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

परिजनों ने सड़क जाम कर की एफआईआर दर्ज करने की मांग

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना झारखंडी क्षेत्र में अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा के कार्यक्रम के दौरान हुई। परिजनों का आरोप है कि रथयात्रा कार्यक्रम के दौरान वहां खड़ी जेसीबी की वजह से यह हादसा हुआ और आर्यवर्धन उसकी चपेट में आ गया।

बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जिम्मेदार लोगों और अखिलेश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा न्याय दिलाने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

जिलाधिकारी ने दी कार्रवाई और जेसीबी जब्त किए जाने की जानकारी

गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि करीब 3:30 बजे आर्यवर्धन सिंह नामक बच्चे के साथ जेसीबी से जुड़ा यह हादसा हुआ था। उन्होंने कहा कि परिवार और स्थानीय लोगों का आरोप है कि रथयात्रा कार्यक्रम के दौरान खड़ी जेसीबी के कारण बच्चे की मृत्यु हुई है।

जिलाधिकारी के अनुसार, परिजनों ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है और उनकी ओर से इस संबंध में लिखित शिकायत दी जा रही है। प्रशासन की ओर से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है और हादसे में शामिल जेसीबी को जब्त कर लिया गया है।

Read more

Related News