New Delhi News: रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के युद्धपोतों पर तैनात बराक प्वाइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम के उन्नयन और पुराने उपकरणों के प्रबंधन के लिए इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (आईएआई) के साथ 1,976.40 करोड़ रुपये का अनुबंध किया है। 18 नवंबर को नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर का होगा व्यापक उन्नयन
रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को जानकारी दी कि इस अनुबंध के तहत बराक मिसाइल प्रणाली के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर का व्यापक उन्नयन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रणाली में पुराने पड़ चुके उपकरणों और तकनीक को बदला जाएगा, ताकि यह मिसाइल सिस्टम लंबे समय तक प्रभावी ढंग से काम कर सके।
नौसेना के युद्धपोतों को मिलेगी बेहतर वायु रक्षा
मंत्रालय के अनुसार, इस समझौते से मिसाइल प्रणाली में आधुनिक सुविधाएं जुड़ेंगी और उसकी परिचालन क्षमता में सुधार होगा। इस पहल से भारतीय नौसेना के जहाजों की हवाई रक्षा क्षमता और अधिक मजबूत होगी, जिससे युद्धपोत किसी भी हवाई खतरे का बेहतर और अधिक प्रभावी ढंग से सामना कर सकेंगे।