समस्तीपुर से 120 किलोमीटर दौड़कर बाढ़ पहुंचे प्रशंसक, अनंत सिंह के परिवार को भेंट की खून से बनी तस्वीर

Share

- Advertisement -

Patna News: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह का एक प्रशंसक समस्तीपुर से करीब 120 किलोमीटर दौड़कर बाढ़ स्थित उनके आवास पहुंचा। बलराम गिरि नामक इस युवक ने दावा किया है कि उसने तीन दिन की मेहनत से अपने खून से विधायक, उनकी बेटी शिवांगी और होने वाले दामाद ऋषिकेश की तस्वीर तैयार की है।

बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह के प्रति दीवानगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। समस्तीपुर जिले का एक युवक करीब 120 किलोमीटर की दूरी पैदल दौड़कर तय करते हुए बाढ़ स्थित विधायक के आवास पर पहुंचा। बलराम गिरि उर्फ बम बिहारी टाइगर स्टार नामक इस प्रशंसक के हाथों में अनंत सिंह, उनकी बेटी शिवांगी और होने वाले दामाद ऋषिकेश की तस्वीर थी। बलराम का दावा है कि उसने तीन दिनों की मेहनत के बाद अपने खून से यह तस्वीर बनाई है, जिस पर ‘छोटे सरकार’ के साथ वर-वधू का नाम भी लिखा है।

रात ढाई बजे समस्तीपुर से शुरू की थी दौड़

प्रशंसक बलराम गिरि समस्तीपुर जिले के अंगार घाट का निवासी है। उसने बताया कि मंगलवार रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच उसने अनंत सिंह के घर जाने के लिए दौड़ लगानी शुरू की थी। पीठ पर बैग और हाथ में तस्वीर लेकर निकला बलराम बिना रुके लगातार दौड़ता रहा और शाम करीब 6 बजे बाढ़ पहुंच गया।

इस दौरान उसने लगभग 120 किलोमीटर का सफर तय किया। रास्ते में उसे दौड़ता देख स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। बलराम के अनुसार, वह अनंत सिंह का बड़ा प्रशंसक है और उनकी बेटी की शादी में शामिल होने की इच्छा रखता है, इसलिए उसने दौड़कर उनके घर पहुंचने का निर्णय लिया।

25 नवंबर को बाढ़ में होनी है बेटी की शादी

मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी का विवाह आगामी 25 नवंबर को तय हुआ है। यह शादी बाढ़ स्थित उनके पैतृक गांव लदमा (नदवां) में संपन्न होगी। शिवांगी का विवाह बिहटा के कृष्णा नगर निवासी ऋषिकेश के साथ हो रहा है।

विधायक के परिवार की ओर से इस वैवाहिक समारोह के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों की ओर से दावा किया गया है कि इस शादी समारोह में करीब चार लाख मेहमान शामिल हो सकते हैं, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

Read more

Related News