अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुका जी मेला शुरू: हाईकोर्ट के कड़े आदेशों के बीच उपमुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

Share

- Advertisement -

Nahan News: मां-बेटे के मिलन के पावन प्रतीक अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुका जी मेले का आज से भव्य आगाज हो रहा है। भगवान श्री परशुराम जी अपनी माता श्री रेणुका जी से मिलने चार स्थानों से पालकियों में सवार होकर ददाहू से शोभायात्रा के साथ श्री रेणुका जी पहुंचेंगे। इस बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु के बजाय उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भगवान परशुराम की पालकियों को कंधा देकर मेले का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।

हाईकोर्ट के सख्त आदेशों के तहत तय हुई मेले की रूपरेखा

हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के सख्त आदेशों के मद्देनजर इस बार मेले के स्वरूप में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने मेले की व्यावसायिक अवधि को 20 दिन से घटाकर 9 दिन कर दिया है। यह मेला 19 से 24 नवंबर तक चलेगा, जबकि अगले तीन दिन समापन प्रक्रिया के लिए तय किए गए हैं। इसके अलावा, श्रीरेणुका जी झील और परशुराम ताल के 100 मीटर के दायरे में पूरी तरह से व्यावसायिक गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।

प्लास्टिक और ध्वनि प्रदूषण पर कड़े प्रतिबंध

मेला परिसर में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए प्रवेश द्वारों पर विशेष टीमों की तैनाती की गई है। दुकानदारों से भी इस संबंध में प्रमाण पत्र लिए जा रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए 50 हजार पत्तलों की व्यवस्था की है। वहीं, ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए मंदिर परिसर में होने वाली भागवत कथा को निरस्त कर दिया गया है और हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत घाट की आरती भी बिना लाउडस्पीकर के संपन्न होगी। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि अदालत के इन आदेशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को पहले ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

सांस्कृतिक संध्याओं में सतिंदर सरताज और कुलदीप शर्मा मुख्य आकर्षण

मेले के दौरान आयोजित होने वाली छह सांस्कृतिक संध्याओं में प्रसिद्ध पंजाबी सूफी गायक सतिंदर सरताज अपनी गायकी का जादू बिखेरेंगे, जबकि लोकप्रिय पहाड़ी गायक कुलदीप शर्मा भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पहली सांस्कृतिक संध्या में सतिंदर सरताज का कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेगा।

12 साल बाद जू में दिखेगा बंगाल टाइगर

इस वर्ष मेले में आने वाले सैलानियों और श्रद्धालुओं के लिए श्रीरेणुका जी अभ्यारण्य में 12 साल बाद बंगाल टाइगर मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा झील में नौका विहार, मेला स्थल पर झूले, भूत बंगला, सेल्फी पॉइंट और महिलाओं के लिए विशेष स्नानघाट की व्यवस्था की गई है। मेले के दौरान रस्साकशी और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र में 101 अस्थायी और 20 स्थायी शौचालय बनाए गए हैं। साफ-सफाई की जिम्मेदारी वेस्ट वारियर्स, एनजीओ, एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों को सौंपी गई है। गिरि नदी पर अस्थायी पुल, अतिरिक्त एचआरटीसी बसों, पर्याप्त पार्किंग और रोशनी के विशेष प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ 100 सीसीटीवी कैमरे भी तैनात किए गए हैं, जिनसे चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News