Solan News: डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के एक वरिष्ठ अधिकारी का नाम ओडीआईआई सूची में शामिल करने की सिफारिश की गई है। तपोवन में चल रहे शीतकालीन सत्र के दौरान ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती द्वारा पूछे गए सवाल के बाद बागवानी विभाग ने यह महत्वपूर्ण खुलासा सदन में किया है।
विधायक सतपाल सत्ती के सवाल पर हुआ खुलासा
विधानसभा में विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने तारांकित स्थगित प्रश्न के जरिए सरकार से पूछा था कि क्या नौणी विश्वविद्यालय प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ओडीआईआई सूची में शामिल करने के लिए कोई प्रस्ताव भेजा था। इसके जवाब में बागवानी विभाग ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में 31 जनवरी 2026 को सरकार को पत्र भेजा था, जो 4 फरवरी 2026 को प्रशासनिक विभाग में प्राप्त हुआ। गृह (सतर्कता) विभाग की जांच और निर्धारित प्रक्रिया के बाद संबंधित अधिकारी का नाम इस सूची में शामिल करने का निर्णय लिया गया।
डॉ. हरमिंदर सिंह बाजवा के नाम की हुई सिफारिश
विधानसभा पटल पर रखे गए जवाब के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ओडीआईआई सूची के लिए केवल एक ही अधिकारी के नाम की सिफारिश की गई थी। यह नाम डॉ. हरमिंदर सिंह बाजवा का है, जो वर्तमान में विश्वविद्यालय के फ्लोरिकल्चर एवं लैंडस्केप आर्किटेक्चर विभाग में प्रधान वैज्ञानिक सह प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
सतर्कता विभाग की जांच के बाद लिया गया निर्णय
इस पूरे मामले की जांच गृह (सतर्कता) विभाग द्वारा 17 दिसंबर 2018 को जारी पत्र के दिशा-निर्देशों के तहत की गई। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद डॉ. हरमिंदर सिंह बाजवा का नाम ओडीआईआई सूची में शामिल करने का फैसला लिया गया। इस निर्णय के संबंध में निदेशक सतर्कता विभाग और अतिरिक्त महानिदेशक, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को गत 7 मार्च 2026 को आधिकारिक पत्र प्रेषित किया गया था।