Shimla News: हेल्थकेयर सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 312 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इन पदों पर पांच साल के कॉन्ट्रैक्ट के तहत नियुक्ति मिलेगी। इच्छुक महिला उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से होगी। आवेदन प्रक्रिया 30 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 29 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक अपना फॉर्म भर सकेंगी। आवेदन की समय सीमा खत्म होने के बाद फॉर्म में संशोधन के लिए चार दिन की करेक्शन विंडो भी मिलेगी।
असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता
उम्मीदवारों के पास न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ बीएससी नर्सिंग (B.Sc. Nursing) या जीएनएम (GNM) की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही हिमाचल प्रदेश नर्स रजिस्ट्रेशन काउंसिल में रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है। उम्मीदवार का हिमाचल का बोनाफाइड निवासी होना जरूरी है। बाहरी राज्यों की महिलाओं की 10वीं और 12वीं की पढ़ाई हिमाचल से होनी चाहिए।
इस भर्ती के लिए 1 जनवरी 2026 के आधार पर आयु 21 से 45 वर्ष होनी चाहिए। राज्य के आरक्षित वर्ग की महिलाओं को अधिकतम आयु में पांच साल की छूट दी जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को 25,000 रुपये प्रति माह फिक्स सैलरी मिलेगी। यह महिलाओं के लिए हेल्थकेयर सेक्टर में बेहतरीन करियर का मौका है।
परीक्षा पैटर्न, चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क की जानकारी
सभी वर्गों के लिए आवेदन फीस 800 रुपये तय है। फॉर्म में संशोधन पर 100 रुपये अतिरिक्त लगेंगे। चयन 120 अंकों की सीबीटी (CBT) या ओएमआर (OMR) आधारित परीक्षा से होगा। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट होगा। उम्मीदवार आयोग के पोर्टल पर वन-टाइम रजिस्ट्रेशन करके अपना ऑनलाइन आवेदन आसानी से जमा कर सकती हैं।