Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पुलिस ने गूगल मैप की मदद से शराब की दुकानों को चिह्नित कर चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरोह के सरगना के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 हजार रुपये नकद, दो तमंचे, चोरी के उपकरण और एक कार बरामद की है।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पुलिस ने शराब की दुकानों को निशाना बनाने वाले एक अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान गिरोह के सरगना के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों आरोपी गाजियाबाद जिले के निवासी हैं। इनकी पहचान आस मोहम्मद उर्फ आशू, कार्तिक शर्मा और अतुल त्यागी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 30 हजार रुपये की नकदी, दो तमंचे, शटर काटने के उपकरण और वारदात में इस्तेमाल होने वाली कार बरामद की है।
गूगल मैप से खोजते थे सुनसान इलाकों की दुकानें
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य गाजियाबाद से कार में सवार होकर करीब 130 किलोमीटर दूर बिजनौर सहित अन्य जिलों में जाते थे। आरोपी गूगल मैप की मदद से शराब की दुकानों की लोकेशन तलाशते थे। इसके बाद वे रात के अंधेरे में सुनसान स्थानों पर स्थित दुकानों का शटर काटकर नकदी और शराब की बोतलें चोरी कर फरार हो जाते थे।
दो राज्यों में दर्ज हैं दो दर्जन से अधिक मुकदमे
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल गिरोह का मुखिया आस मोहम्मद उर्फ आशू एक शातिर अपराधी है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के आगरा, गाजियाबाद, मेरठ और बुलंदशहर समेत कई जिलों तथा मध्य प्रदेश में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित साथियों के बारे में जांच कर रही है।