जालंधर से 18 नवंबर को ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाएंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, काशी में होगा समापन

Share

- Advertisement -

National News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 नवंबर को पंजाब के जालंधर से 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पार्टी के अनुसार, संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के वर्ष भर चलने वाले समारोह के तहत निकाली जा रही यह यात्रा पांच राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी तथा तीन दिसंबर को उत्तर प्रदेश के काशी में संपन्न होगी।

भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित वर्ष भर के समारोह का हिस्सा है। पार्टी ने इस अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश के काशी से की थी।

इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी यात्रा

भाजपा के अनुसार, यह 16 दिवसीय यात्रा आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित हरियाणा तथा केंद्र शासित प्रदेशों चंडीगढ़ और दिल्ली से होकर गुजरेगी। यह यात्रा कुल 2,400 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए 46 शहरों को कवर करेगी।

अभियान का चौथा चरण है यह यात्रा

भाजपा उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने बताया कि देशव्यापी समारोह के तहत पार्टी अब तक तीन अलग-अलग चरणों में कई कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। उन्होंने कहा, “चौथे चरण में 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा 18 नवंबर को जालंधर से शुरू होगी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वहां से रथों और वाहनों को रवाना करेंगे।” आर्य ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा तीन दिसंबर को काशी पहुंचकर संपन्न होगी।

पार्टी नेताओं के मुताबिक, यात्रा के दौरान रास्ते में विभिन्न जनसभाओं और जिला स्तर के कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिनमें केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी और सांसद शामिल होकर संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News