चम्बा में प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की की सरकारी खरीद शुरू, पहले दिन 37 किसानों से खरीदी गई 35 क्विंटल फसल

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की की सरकारी खरीद प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। इस शुभारंभ कार्यक्रम में कृषि उपज मंडी समिति (APMC) चम्बा के अध्यक्ष ललित ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस वर्ष प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक मक्की का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मक्की का समर्थन मूल्य 50 रुपये प्रति किलोग्राम तय करना किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय है। उन्होंने जानकारी दी कि चम्बा जिले में लगभग 21,850 किसान प्राकृतिक खेती के लिए पंजीकृत हैं और वर्तमान में 4,529 हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की जा रही है। इस दौरान उन्होंने अन्य किसानों से भी प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया।

तीन केंद्रों पर होगी खरीद, चौगान में सप्ताह में दो दिन लगेगी मंडी

आत्मा (ATMA) परियोजना निदेशक नितिन कुमार शर्मा ने बताया कि प्राकृतिक उत्पाद खरीद केंद्र बालू में पहले दिन 37 किसानों से 35 क्विंटल मक्की की खरीद की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम चरण में चम्बा विकास खंड के किसानों से मक्की खरीदी जा रही है और इसके लिए बालू, बनीखेत तथा चुवाड़ी (भटियात) में खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल के निर्देशानुसार चौगान नंबर-2 में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 11 बजे प्राकृतिक उत्पादों की विशेष मंडी भी आयोजित की जा रही है।

अन्य फसलों के समर्थन मूल्य और खरीद के नियम

आत्मा की उप परियोजना निदेशक डॉ. शिवानी राणा ने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस साल मक्की का समर्थन मूल्य 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है। उन्होंने अन्य प्राकृतिक फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की जानकारी देते हुए बताया कि पांगी का जौ 80 रुपये, गेहूं 80 रुपये, अदरक 40 रुपये तथा कच्ची हल्दी 150 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से निर्धारित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष केवल पारंपरिक बीजों से उत्पादित मक्की की ही खरीद की जा रही है और पूरी खरीद प्रक्रिया को 15 से 20 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

किसानों ने सरकार के फैसले को सराहा

सरकारी खरीद केंद्र पर पहुंचे किसानों ने उपज का उचित मूल्य मिलने पर प्रदेश सरकार का आभार जताया। किसानों ने कहा कि पहले बाजार में उनकी मक्की 15 से 25 रुपये प्रति किलोग्राम तक ही बिक पाती थी, जबकि अब सरकारी खरीद के माध्यम से उन्हें सीधे 50 रुपये प्रति किलोग्राम का भाव मिल रहा है, जिससे उनकी आय में सीधा इजाफा हुआ है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News