मिनाब स्कूल हमले को लेकर ईरान की दो अमेरिकी नौसेना अधिकारियों को खुली चेतावनी, कहा- हम तुम्हें ढूंढ निकालेंगे

Share

- Advertisement -

Tehran News: दक्षिण अफ्रीका स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अमेरिकी नौसेना के दो अधिकारियों को खुली चेतावनी दी है। ईरान ने उन पर फरवरी संघर्ष के दौरान मिनाब के एक स्कूल पर हुए मिसाइल हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है, जिसमें 168 लोगों की मौत हुई थी।

ईरान ने अमेरिकी नौसेना के दो अधिकारियों को खुली चेतावनी दी है। दक्षिण अफ्रीका स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर दोनों अधिकारियों पर फरवरी संघर्ष के दौरान मिनाब स्कूल पर हुए हमले का आरोप लगाया है। दूतावास ने आठ महीने पुरानी अपनी उस पोस्ट को भी फिर से साझा किया है, जिसमें इन अमेरिकी अधिकारियों को ‘अपराधी’ बताया गया था।

दूतावास ने अपनी पुरानी पोस्ट का हवाला देते हुए चार शब्दों में लिखा, “हम तुम्हें ढूंढ निकालेंगे।” ईरानी दूतावास ने इन अधिकारियों की पहचान यूएसएस स्प्रांस (USS Spruance) के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर ली आर टेट और इसी युद्धपोत के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर लेफ्टिनेंट कमांडर जेफ्री ई यॉर्क के रूप में की है।

29 मार्च की उस पोस्ट में लिखा गया था, “इन दो अपराधियों को याद रखें। कमांडर ली आर टेट और यूएसएस स्प्रांस के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर जेफ्री ई यॉर्क, जिन्होंने तीन बार टोमाहॉक मिसाइलें दागने का आदेश दिया था।”

मिनाब स्कूल हमले की पृष्ठभूमि

फरवरी में ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल संघर्ष की शुरुआत में अमेरिका की एक मिसाइल मिनाब स्थित शजरे तैय्यबेह स्कूल पर गिरी थी। इस हमले में 123 बच्चों सहित कम से कम 168 लोगों की मौत हो गई थी।

ट्रंप की चेतावनी के ठीक बाद आया ईरान का बयान

ईरान की यह धमकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप द्वारा तेहरान को अमेरिकी अधिकारियों को निशाना न बनाने की चेतावनी देने के एक दिन बाद सामने आई है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने ईरान को चेताया था कि यदि किसी वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी की हत्या की जाती है, तो ईरान का अस्तित्व अधिक समय तक नहीं बचेगा।

यह ताजा घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट को तेहरान से जुड़ी लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों के कारण वाशिंगटन स्थित उनके आवास से हटाकर एक सैन्य अड्डे पर स्थानांतरित किया गया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News