अस्वस्थता के कारण लवी मेले के समापन में शामिल नहीं होंगे सीएम सुक्खू, जगत सिंह नेगी करेंगे शिरकत

Share

- Advertisement -

Shimla News: अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के समापन समारोह में इस बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अस्वस्थता के कारण शामिल नहीं हो पाएंगे। शनिवार को रामपुर पहुंचे लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में अब राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी मेले का विधिवत समापन करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के समापन समारोह में इस बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शामिल नहीं हो पाएंगे। मुख्यमंत्री के समारोह में न पहुंचने की वजह उनकी अस्वस्थता बताई गई है। शनिवार को रामपुर पहुंचे लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण वह लवी मेले के समापन अवसर पर उपस्थित नहीं हो सकेंगे।

अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का समापन प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को होता है। परंपरानुसार मुख्यमंत्री इस ऐतिहासिक मेले के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हैं। इस दौरान मेले में लगाई गई विभिन्न विभागीय प्रदर्शनियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों और प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाता है। मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में इस बार राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी समापन समारोह में शामिल होंगे और विजेताओं को सम्मानित करेंगे।

मंत्रियों ने किया किन्नौरी मार्केट और प्रदर्शनियों का अवलोकन

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला हिमाचल प्रदेश की प्राचीन व्यापारिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। सदियों से आयोजित हो रहा यह मेला किन्नौर और रामपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों, बागवानों और स्थानीय लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ कृषि मंत्री चंद्र कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने मेले में पहुंचकर किन्नौरी मार्केट का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मेले में पहुंचे व्यापारियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर पारंपरिक उत्पादों और व्यापारिक गतिविधियों की जानकारी भी ली।

व्यापारिक विरासत और पारंपरिक व्यंजनों की रही धूम

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय लवी मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक व्यापारिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत का प्रतीक है। यह मेला हमारी शान है और इसे हर साल पहले से अधिक बेहतर एवं आकर्षक बनाने के प्रयास किए जाने चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है और यह हिमाचल प्रदेश व तिब्बत के बीच पारंपरिक व्यापारिक संबंधों की पहचान रहा है। इस मेले के माध्यम से किन्नौर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के स्थानीय व्यापारियों, बागवानों और शिल्पकारों को अपनी उपज एवं पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण बाजार मिलता है।

विक्रमादित्य सिंह ने याद दिलाया कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह ने लवी मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर का दर्जा दिलाने की घोषणा की थी, जिससे इसकी पहचान को नई मजबूती मिली। परंपरा के अनुसार मेले का शुभारंभ राज्यपाल करते हैं, जबकि समापन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाता है।

मेले के दौरे के दौरान मंत्रियों और अधिकारियों ने खानपान के स्टॉलों पर पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी चखा। इस दौरान पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन सिड्डू विशेष आकर्षण का केंद्र रहा और स्थानीय पकवानों को लेकर लोगों में भी खास उत्साह देखने को मिला।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News