Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में सरकारी स्कूल की 11वीं कक्षा की एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। छात्रा अपने कमरे में एक पत्र छोड़ गई है, जिसमें उसने 30 हजार रुपये महीने की नौकरी मिलने और कामयाब होकर लौटने की बात लिखी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच तेज कर दी है।
हमीरपुर जिले में अपने माता-पिता के साथ किराए के कमरे में रहने वाली 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है। छात्रा के बिस्तर के पास से एक भावुक पत्र बरामद हुआ है, जिसने परिजनों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन की भी चिंता बढ़ा दी है।
इस पत्र में छात्रा ने लिखा है, “मम्मी-पापा, मैं अपनी कामयाबी और आपकी बेहतर जिंदगी के लिए कमाने जा रही हूं, ताकि आपके और अपने सपनों को साकार कर सकूं। मुझे एक कंपनी में 30 हजार सैलरी का ऑफर आया है। मुझे ढूंढने का प्रयास न करें, कामयाब होने के बाद खुद वापस आ जाऊंगी।” एक नाबालिग छात्रा को अचानक 30 हजार रुपये वेतन की नौकरी का प्रस्ताव मिलने के दावे को पुलिस संदिग्ध मान रही है। पुलिस इसे किसी के बहकावे या सुनियोजित साजिश के नजरिए से जांच रही है।
लापता होने से पहले थाने पहुंची थी छात्रा
पुलिस जानकारी के अनुसार, छात्रा के लापता होने से पहले वीरवार को दिनभर कई घटनाक्रम हुए। वीरवार सुबह माता-पिता की किसी बात पर डांट से नाराज होकर छात्रा सीधे पुलिस थाने पहुंच गई थी और उसने अपने ही परिजनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत माता-पिता को थाने बुलाया।
थाने में दोपहर तक चली समझाइश और काउंसलिंग के बाद छात्रा ने सामान्य होने की बात कही और अपनी मां के साथ घर लौटने के लिए तैयार हो गई। इसके बाद छात्रा के पिता अपनी ड्यूटी पर चले गए, जबकि वह अपनी मां के साथ बस अड्डे तक पहुंची। बस अड्डे पर छात्रा ने मां से कोई बहाना बनाया और वहां से निकल गई।
मां को लगा कि बेटी शायद सीधे किराए के कमरे पर चली गई होगी। लेकिन जब वह शाम को घर लौटीं, तो कमरे में छात्रा नहीं मिली। उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था और बिस्तर के पास यह पत्र पड़ा मिला।
साइबर सेल और पुलिस की जांच जारी
छात्रा की गुमशुदगी के बाद हमीरपुर पुलिस ने मामले की जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली है। छात्रा की कॉल डिटेल रिपोर्ट (CDR) और उसके सोशल मीडिया खातों की बारीकी से जांच की जा रही है। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को एक युवक को थाने बुलाकर गहन पूछताछ की है। यह युवक सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार छात्रा के संपर्क में था।
पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं। मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने नियमानुसार मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि एक संदिग्ध युवक से पूछताछ की जा रही है और पुलिस जल्द ही नाबालिग छात्रा को सुरक्षित ढूंढ निकालेगी।