धर्मशाला कॉलेज की छात्रा ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद; परिजनों ने महिला प्रोफेसर पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पढ़ने वाली बीए अंतिम वर्ष की एक छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। छात्रा की मां ने कॉलेज की एक महिला प्रोफेसर पर सबके सामने दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

धर्मशाला के शिव मंदिर सकोह के पास रहने वाली छात्रा ने नाले के समीप एक एंगल से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना धर्मशाला की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखी बातों की जांच की जा रही है।

मां ने लगाया सबके सामने बेइज्जती करने का आरोप

छात्रा की मां ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बेटी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 12 नवंबर को कॉलेज की एक महिला प्रोफेसर ने उनकी बेटी के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था।

परिजनों के अनुसार, कॉलेज में सबके सामने हुई इस बेइज्जती के कारण छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी। मां का कहना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उनकी बेटी ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से संबंधित अध्यापिका के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

सुसाइड नोट के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट में दर्ज तथ्यों और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस मामले में पुलिस की ओर से संबंधित महिला प्रोफेसर से भी पूछताछ की जा सकती है। एसपी कुलभूषण वर्मा ने इस पूरे मामले की पुष्टि की है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News