गुरुग्राम में दिवाली की रात दंपती की कार का पीछा, सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों ने आरोपियों को रोका

Share

- Advertisement -

Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम में दिवाली की रात घर लौट रहे एक दंपती की कार का करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने और रास्ता रोकने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित शुभम जैन ने घटना के पांच दिन बाद सोशल मीडिया पर वीडियो और आपबीती साझा कर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-70 एसपीआर में दिवाली की रात एक दंपती के साथ रोड रेज और पीछा करने की घटना सामने आई है। शुभम जैन नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट साझा कर आरोप लगाया कि दिवाली की रात करीब 11:55 बजे जब वह अपनी पत्नी के साथ घर लौट रहे थे, तब कुछ युवकों ने उनकी कार का पीछा किया और गाड़ी रोकने की कोशिश की।

पीड़ित के अनुसार, वह अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर दरबारीपुर रोड, सेक्टर-70 एसपीआर पर थे, तभी एक अन्य वाहन ने उनका पीछा करना शुरू किया। शुरुआत में उन्हें लगा कि पीछे आ रही गाड़ी ओवरटेक करना चाहती है। लेकिन स्थिति तब संदिग्ध हो गई, जब उस वाहन ने अचानक उनकी कार को ओवरटेक कर आगे ब्रेक लगा दिया और उसमें सवार लोग नीचे उतरने का प्रयास करने लगे।

सोसाइटी के गेट तक किया पीछा, सुरक्षाकर्मियों से भी की बहस

आरोपियों के इरादों को भांपते हुए शुभम जैन ने अपनी कार की रफ्तार बढ़ा दी और बिना रुके अपनी सोसाइटी की ओर बढ़े। पीड़ित का दावा है कि दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने रास्ते में कई बार उनकी कार का रास्ता काटकर रोकने का प्रयास किया। वह तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए किसी तरह अपनी सोसाइटी के गेट तक पहुंचने में सफल रहे।

पीड़ित ने अपनी पोस्ट में बताया कि सोसाइटी के गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने पीछा कर रहे वाहन को अंदर जाने से रोक लिया। उन्होंने दावा किया कि संदिग्ध वाहन में दो युवक सवार थे, जिनमें से एक की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष और दूसरे की उम्र उससे कम (किशोर) थी। आरोप है कि दोनों युवक करीब 20 मिनट तक गेट पर रुके रहे और अंदर प्रवेश करने को लेकर सुरक्षाकर्मियों से बहस करते रहे। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों की वैन की पिछली नंबर प्लेट गायब थी, जबकि आगे की नंबर प्लेट ढकी हुई थी।

डैशकैम फुटेज साझा कर उठाए सवाल, एफआईआर से किया इनकार

इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जो पीड़ित की कार में लगे आगे-पीछे के डैशकैम और सोसाइटी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुए हैं। फुटेज में पीड़ित की कार तेजी से सोसाइटी के गेट की ओर जाती हुई दिखाई दे रही है। शुभम जैन ने बताया कि वह करीब सात महीने पहले ही गुरुग्राम में रहने आए हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि वे अपनी आय का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा टैक्स के रूप में देते हैं, लेकिन संकट के समय उनकी सुरक्षा निजी सुरक्षाकर्मियों के भरोसे रही।

पीड़ित ने बताया कि परिवार और दोस्तों की सुरक्षा चिंता और सलाह के कारण वे तुरंत सामने नहीं आए, लेकिन घटना के पांच दिन बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने का फैसला किया। सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद बादशाहपुर थाने के एसएचओ मनोज कुमार और हेड कांस्टेबल समरिता ने अगले दिन सुबह पीड़ित से फोन पर संपर्क किया। हालांकि, पीड़ित ने अपने निजी कारणों का हवाला देते हुए इस मामले में लिखित शिकायत देने और एफआईआर (FIR) दर्ज कराने से इनकार कर दिया है।

Read more

Related News