Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र स्थित मुडियारी गांव में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान बज रहे तेज डीजे के कारण 20 दिन की एक नवजात बच्ची की मौत होने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने डीजे और उसके संचालक को हिरासत में ले लिया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुडियारी गांव में डीजे की अत्यधिक तेज आवाज के कारण 20 दिन की एक नवजात बच्ची की मौत होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि गांव में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान बजाए जा रहे डीजे के तेज शोर से बच्ची की हालत बिगड़ी और उसकी जान चली गई। इस घटना के बाद से परिवार में शोक और कोहराम मचा हुआ है।
परिजनों की शिकायत के आधार पर मनियर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजे उपकरण जब्त कर लिए हैं और डीजे संचालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने नवजात बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर से 100 मीटर दूर और दरवाजे पर रोककर बजाया जा रहा था डीजे
मिली जानकारी के अनुसार, मुडियारी गांव में स्थापित लक्ष्मी प्रतिमा के विसर्जन जुलूस के लिए डीजे मंगाया गया था, जो बच्ची के घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर अत्यधिक तेज आवाज में बज रहा था। परिजनों के मुताबिक, 20 दिन पहले जन्मी मासूम बच्ची इस तेज ध्वनि और कंपन को सहन नहीं कर पाई और अचानक उसकी धड़कनें तेज होने से उसकी मौत हो गई।
देखभाल के लिए 10 दिन पहले ही मायके आई थी मां
मृतक बच्ची की मां रीमा देवी ने बताया कि वह प्रसव के बाद देखभाल के लिए 10 दिन पहले ही अपनी ससुराल से मायके मुडियारी गांव आई थीं। उन्होंने कहा कि ससुराल में देखभाल करने वाला कोई नहीं था, इसलिए वह यह सोचकर मायके आई थीं कि यहां बच्ची की अच्छी देखरेख हो सकेगी।
रीमा देवी के अनुसार, मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे काफी तेज आवाज में बज रहा था और जुलूस के दौरान इसे उनके घर के दरवाजे पर रोककर बजाया जाने लगा। उस समय वह अपनी बेटी को लेकर बैठी थीं और इसी दौरान बच्ची की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक चिकित्सकीय कारणों की पुष्टि हो सकेगी।