Lucknow News: लोक आस्था के महापर्व छठ पर अपने घर पहुंचने के लिए यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिहार जाने वाली ट्रेनों में जनरल से लेकर स्लीपर कोच तक पूरी तरह ठसाठस भरे हुए हैं, जिससे यात्रियों को शौचालय के पास की गैलरी, दरवाजों और पायदान पर खड़े होकर जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है। शुक्रवार को लखनऊ से होकर गुजरने वाली 16 त्योहार विशेष ट्रेनों में भी भीड़ के ऐसे ही हालात देखने को मिले।
दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान की ओर से बिहार जाने वाली ट्रेनों के जनरल कोच में दो सीटों के बीच की खाली जगह भी यात्रियों से पटी रही। हालत यह है कि लोग शौचालय तक में सामान रखकर यात्रा करने को विवश हैं। इसके अतिरिक्त, लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली गंगा-गोमती एक्सप्रेस, बनारस जाने वाली वरुणा एक्सप्रेस और प्रयागराज-मीरजापुर होकर सोनभद्र जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस भी जनरल से स्लीपर श्रेणी तक खचाखच भरी रहीं।
बरौनी और त्रिवेणी एक्सप्रेस में हालात बेकाबू, पायदान पर बैठे दिखे यात्री
त्रिवेणी एक्सप्रेस के जनरल कोच पहले से ही पूरी तरह भरे होने के कारण बाद में चढ़े यात्रियों को गेट और शौचालय के पास की गैलरी में खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। इसी तरह, लखनऊ जंक्शन से बरौनी जाने वाली ट्रेन में भी भारी भीड़ उमड़ी, जहां जनरल के आखिरी दो डिब्बों में स्थिति सबसे अधिक खराब रही।
इस ट्रेन में कई यात्री खड़े होकर तो कुछ कोच के पायदान पर बैठकर सफर करते नजर आए। प्लेटफॉर्म से ट्रेन रवाना होते समय रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने पायदान पर बैठे यात्रियों को हटाया, लेकिन ट्रेन के गति पकड़ते ही कई यात्री दोबारा वहीं बैठ गए।
सीट छिनने के डर से यात्रियों ने छोड़ा खाना-पीना
ट्रेनों में भीड़ का दबाव इतना अधिक है कि जिन यात्रियों को किसी तरह बैठने की जगह मिल गई है, वे सीट छिनने के डर से अपनी जगह छोड़ने को तैयार नहीं हैं। हरियाणा के बल्लभगढ़ स्टेशन से बिहार के मानसी जा रहे यात्री संदीप मंडल ने बताया कि उन्हें बड़ी मुश्किल से खिड़की के पास सीट मिली है। वे पिछले 12 घंटे से सफर कर रहे हैं, लेकिन सीट बचाने के लिए एक बार भी अपनी जगह से नहीं उठे।
संदीप ने बताया कि शौचालय तक में भीड़ भरी होने के कारण वे ज्यादा पानी पीने और खाना खाने से भी परहेज कर रहे हैं। वहीं, दिल्ली से दरभंगा जा रही पूजा विशेष ट्रेन में सफर कर रहे सुदेश नामक यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी पीड़ा साझा करते हुए ट्रेनों के निर्धारित समय पर संचालन की मांग की। उन्होंने बताया कि वे बिहार जाने के लिए पिछले आठ घंटे से लगातार खड़े होकर सफर करने को मजबूर हैं।