Mumbai News: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह छठ पूजा को एक मुद्दा बनाकर मुंबई में सामाजिक और सांस्कृतिक तनाव पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह के किसी भी जाल में न फंसें।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए राज ठाकरे ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा मराठी और उत्तर भारतीय समुदायों के बीच विवाद भड़काने की कोशिश कर रही है।
सोशल मीडिया और रेलवे स्टेशनों का किया जिक्र
राज ठाकरे ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा और उसके द्वारा तैयार किया गया इंटरनेट मीडिया इकोसिस्टम छठ पूजा से जुड़ी रील्स फैलाकर तथा इसे सांस्कृतिक आक्रामकता का रूप देकर महाराष्ट्र में कलह पैदा करने की हर संभव कोशिश कर रहा है।
इसके साथ ही एमएनएस प्रमुख ने मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने चलाए जाने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए एमएनएस ने इसे रुकवा दिया था।
‘विवाद पैदा न कर पाने से निराश है भाजपा’
राज ठाकरे ने आगे कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा इस बात से निराश है कि तमाम प्रयासों के बावजूद वह मुंबई में उस तरह का विवाद पैदा नहीं कर पाई, जिसकी उसे उम्मीद थी। उन्होंने दोहराया कि यह पूरी राजनीतिक कवायद उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में लाभ उठाने के उद्देश्य से की जा रही है।