फ्रंटियर एयरलाइंस के विमान में हवा में भरा पानी, पायलट को देना पड़ा ‘मेडे’ कॉल, शिकागो में इमरजेंसी लैंडिंग

Share

- Advertisement -

Chicago News: अमेरिका में बुधवार को डेनवर से डेट्रायट जा रही फ्रंटियर एयरलाइंस की फ्लाइट 3566 के केबिन में अचानक पानी भर जाने से अफरातफरी मच गई। शौचालय के सिंक से हुए तेज रिसाव और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने के खतरे को देखते हुए पायलट ने ‘मेडे’ कॉल दिया और शिकागो ओ-हेयर हवाई अड्डे पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब विमान बीच हवा में था। विमान के आगे वाले शौचालय (बाथरूम) का सिंक ओवरफ्लो हो गया और नल फटने से पानी इतनी तेजी से बहने लगा कि देखते ही देखते पीछे का पूरा केबिन एरिया और गलियारा (आइल) पानी से भर गया। इससे विमान में सवार यात्रियों में घबराहट फैल गई।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लेकर पायलट ने जताई चिंता

हालात की गंभीरता को देखते हुए पायलटों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर इमरजेंसी घोषित की और ‘मेडे, मेडे, मेडे’ का कॉल दिया। सामान्यतः पायलट मेडे कॉल तब देते हैं जब विमान पर नियंत्रण खोने या उड़ान के लिए गंभीर और तत्काल खतरा होने की स्थिति बन जाती है।

मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आए ऑडियो के मुताबिक, पायलट ने एटीसी को बताया, “हम इमरजेंसी घोषित करना चाहते हैं। हमारे आगे वाले शौचालय के सिंक से पानी लीक हो रहा है। पानी इतनी तेजी से बह रहा है कि पीछे का पूरा केबिन एरिया पानी से भर गया है। हमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लेकर चिंता हो रही है। हम शिकागो ओ-हेयर की ओर जाना चाहेंगे।”

यात्री प्लंबर ने रोका रिसाव, सभी सुरक्षित

एक यात्री द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो फुटेज में विमान के फर्श और गलियारे में पानी बहता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। राहत की बात यह रही कि इस दौरान विमान में यात्रा कर रहे एक प्लंबर ने आगे बढ़कर सिंक के रिसाव को बंद करने में मदद की, हालांकि तब तक केबिन में काफी पानी जमा हो चुका था।

फ्रंटियर एयरलाइंस ने ‘द पोस्ट’ को जानकारी दी कि विमान को शिकागो ओ-हेयर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया है। इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News