गैस चैंबर बना नोएडा-ग्रेटर नोएडा: स्मॉग की चादर में लिपटा शहर, सेक्टर-62 में एक्यूआई 417 के पार; अस्पताल की ओपीडी में बढ़े मरीज

Share

- Advertisement -

Noida News: दोपहर ढलते ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा और अधिक जहरीली होती चली गई। देखते ही देखते पूरा शहर स्मॉग की मोटी चादर में लिपट गया और गैस चैंबर जैसी स्थिति बन गई। आसमान में छाई घनी धुंध के कारण सूरज की किरणें भी ठीक से दिखाई नहीं दीं। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 335 अंक और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 317 दर्ज किया गया, जिससे दोनों शहरों की हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी रही।

हवा की गति घटकर सात से आठ किलोमीटर प्रति घंटे रह जाने के कारण धूल और धुएं के कण निचली सतह पर जमा हो गए हैं। शहर की हवा में पर्टिकुलेट मैटर (पीएम) 2.5 और पीएम 10 का स्तर सामान्य से पांच से छह गुना अधिक रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक हवा की गति धीमी रहने की संभावना है, जिसके चलते शहर पर स्मॉग की यह चादर बरकरार रह सकती है।

ग्रेप-3 की पाबंदियों के बीच सेक्टर-62 सबसे प्रदूषित, एक्यूआई 417 दर्ज

ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप-3) की सख्त पाबंदियां लागू होने के बावजूद प्रदूषण का स्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। व्यस्त समय में शाम पांच बजे के बाद नोएडा का सेक्टर-62 इलाका सबसे अधिक प्रदूषित दर्ज किया गया, जहां एक्यूआई 417 अंक तक पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सेक्टर में जगह-जगह मिट्टी के ढेर लगे हैं और वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल हवा को और जहरीला बना रही है। पानी के छिड़काव के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर ये प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं।

जिला अस्पताल की ओपीडी में 12 फीसदी तक बढ़े मरीज

जहरीली हवा का सीधा असर अब लोगों की सेहत और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखने लगा है। लोगों को घर से बाहर निकलते ही आंखों में जलन, नाक में खुजली, गले में कफ और सांस फूलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सांस, आंख और नाक से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या में 11 से 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सामान्य दिनों में जहां ओपीडी में ऐसे करीब 100 मरीज पहुंचते थे, वहीं प्रदूषण बढ़ने के बाद यह संख्या 130 से 140 तक पहुंच गई है।

डॉक्टर की सलाह: मास्क और चश्मा लगाकर ही निकलें बाहर

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए चिकित्सकों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. पंकज त्रिपाठी ने कहा, “वर्तमान स्थिति में बिना मास्क लगाए घर से बाहर न निकलें। बाहर जाते समय आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मा जरूर पहनें और आंखों में जलन महसूस होने पर उन्हें तुरंत साफ पानी से धोएं।”

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News