Ranchi News: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और ओएमआर (OMR) शीट में हेराफेरी से जुड़े मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने अपनी चार्जशीट में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। सीआईडी ने इस मामले में एक सफल अभ्यर्थी रक्षक सिंह की भूमिका का पूरा कच्चा चिट्ठा खोला है, जो परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी ‘मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड’ (टीडीपीएल) का अकाउंटेंट भी था।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी रक्षक सिंह ने सीआईडी को पूछताछ में बताया कि उसने टीडीपीएल के निदेशकों— रामबीर सिंह और सत्यपाल सिंह के कहने पर एफआरओ (FRO) परीक्षा का फॉर्म भरा था। एजेंसी के निदेशकों ने उसे परीक्षा पास कराने की पूरी गारंटी दी थी। इसके बाद रक्षक सिंह परीक्षा में शामिल हुआ और उसने अपनी ओएमआर शीट में केवल 31 प्रश्नों के ही सही उत्तर भरे, जबकि शेष पूरी शीट खाली छोड़ दी। परीक्षा के बाद उसने अपनी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी टीडीपीएल के निदेशक रामबीर सिंह को सौंप दी।
एजेंसी के कार्यालय में भरे गए 147 प्रश्नों के उत्तर
सीआईडी की जांच में सामने आया है कि बाद में टीडीपीएल के कार्यालय में स्कैनिंग का काम करने वाले प्रदीप कुमार सिंह और उसके अन्य सहयोगियों ने रक्षक सिंह की खाली छोड़ी गई ओएमआर शीट में 147 प्रश्नों के उत्तर भर दिए। इससे भी आगे बढ़कर, रक्षक सिंह ने मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिका लिखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल ‘चैट जीपीटी’ (ChatGPT) की मदद ली थी।
अपने ही मोबाइल से बनाया था छेड़छाड़ का वीडियो
इस पूरे फर्जीवाड़े में सबसे अहम मोड़ तब आया जब जांच एजेंसी ने रक्षक सिंह के डिजिटल उपकरणों को खंगाला। सीआईडी ने पाया कि रक्षक सिंह ने खुद अपने मोबाइल फोन से ओएमआर शीट और उत्तर पुस्तिकाओं में की जा रही छेड़छाड़ की इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो और फोटो सबूत के तौर पर रिकॉर्ड कर लिया था। सीआईडी ने उसके मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों की तकनीकी जांच के दौरान इन सभी ठोस साक्ष्यों को संकलित कर चार्जशीट का हिस्सा बनाया है।