रांची की होटवार जेल में विचाराधीन बंदी से सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार का आरोप, जेल अधीक्षक समेत 18 पर केस दर्ज

Share

- Advertisement -

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में एक 20 वर्षीय पूर्व विचाराधीन बंदी से नशीला पदार्थ पिलाकर तीन बार सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार करने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित के पिता की शिकायत पर खेलगांव थाने में जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और मेडिकल ऑफिसर सहित 18 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    रांची के रातू थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ निवासी एक व्यक्ति ने खेलगांव थाने में आवेदन देकर अपने 20 वर्षीय पुत्र के साथ जेल हिरासत के दौरान हुई यौन हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनका पुत्र पॉक्सो (POCSO) एक्ट के एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद था, जिसे रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को आरोपों से बरी कर दिया था।

    परिजनों के मुताबिक, जेल से रिहा होने के बाद युवक मानसिक रूप से गहरे अवसाद में चला गया था, जिस कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सका। स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने के बाद उसने परिजनों को जेल के भीतर बिताए दिनों की आपबीती बताई, जिसके आधार पर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

    दो श्रेणियों में दर्ज की गई प्राथमिकी

    पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को दो श्रेणियों (सेट-ए और सेट-बी) में नामजद किया है। सेट-ए में जेल के भीतर बंद कैदियों और कर्मचारियों को शामिल किया गया है, जिनमें पिंटू (वार्ड 14), अरविंद गुप्ता (वार्ड 14), साहिल अंसारी (वार्ड 15), साहिल साह (वार्ड 15), रबिसर लोहरा (वार्ड 15), पवन (कैंटीन बॉय, वार्ड 14), मंटू (वार्ड 14), धनेश्वर बढ़ई, शिव उरांव (वार्ड 15), बल्लू (वार्ड 15), रेहान गोलू (वार्ड 15), गोलू साव (वार्ड 15), पोगो (अज्ञात), वार्ड नंबर 15 का वार्ड इंचार्ज, पुलिसकर्मी सिंह और संतोष उरांव (वार्ड 14) के नाम दर्ज हैं।

    वहीं, सेट-बी में सह-आरोपियों और साजिशकर्ताओं के रूप में लोक सेवक की हैसियत से बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर को नामजद किया गया है।

    तीन त्योहारों की रात वारदात को अंजाम देने का आरोप

    प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि जेल हिरासत के दौरान तीन अलग-अलग त्योहारों की रात युवक को निशाना बनाया गया। शिकायत के अनुसार, पहली घटना महाशिवरात्रि की रात हुई, जब कुछ बंदियों ने युवक को जबरन महिलाओं के कपड़े पहनाकर और मेकअप कर पार्वती का रूप दिया। इसके बाद उसे नशीला तरल पदार्थ पिलाया गया और बेहोशी की हालत में वार्ड नंबर 3-ए में ले जाकर उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। शिकायत में इस घटना के बाद युवक को अत्यधिक रक्तस्राव होने का भी उल्लेख है।

    दूसरी घटना रामनवमी की रात की बताई गई है। आरोप है कि उसी समूह ने युवक को दोबारा जबरन महिलाओं के वस्त्र पहनाकर सीता का रूप दिया और नशीला पदार्थ पिलाकर ग्राउंड हॉल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक यौनाचार किया। तीसरी घटना सरहुल पूजा की रात हुई, जब आरोपियों ने युवक को जबरन वार्ड नंबर 5 स्थित सरहुल वार्ड में ले जाकर उसके साथ सामूहिक यौन हिंसा की।

    शिकायत फाड़ने और उपचार से इनकार करने के आरोप

    शिकायत पत्र में जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि युवक ने अपने साथ हुई घटनाओं की लिखित शिकायत वार्ड इंचार्ज को सौंपी थी, लेकिन वार्ड इंचार्ज ने कार्रवाई करने के बजाय गाली-गलौज करते हुए आवेदन फाड़ दिया।

    इसके अतिरिक्त, अत्यधिक रक्तस्राव होने पर जब युवक जेल अस्पताल पहुंचा, तो मेडिकल ऑफिसर ने कथित तौर पर उसकी जांच करने से इनकार कर दिया और बिना उपचार के ही वापस भेज दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 12 जून 2026 को जेल से रिहाई के समय नियमों के अनुसार उसकी मेडिकल जांच नहीं कराई गई। खेलगांव थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और जेल के रिकॉर्ड, संबंधित वार्डों की गतिविधियों तथा चिकित्सा दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।

    Read more

    Related News