खराब बैटरियों से निकलेगा ‘खजाना’: सीएसआईआर-एनएमएल जमशेदपुर ने खोजा स्वदेशी तरीका, 99.99% शुद्धता के साथ मिलेंगी कीमती धातुएं

Share

- Advertisement -

Jamshedpur News: स्मार्टफोन, लैपटॉप और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरियां खराब होने के बाद अब न तो कचरा बनेंगी और न ही पर्यावरण में जहर घोलेंगी। जमशेदपुर स्थित राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल) के वैज्ञानिकों ने एक ऐसी अनूठी स्वदेशी तकनीक विकसित की है, जिससे कबाड़ हो चुकी बैटरियों से 99.99 प्रतिशत तक शुद्ध लिथियम, कोबाल्ट, निकल और मैंगनीज जैसी दुर्लभ और कीमती धातुएं दोबारा निकाली जा सकेंगी।

यह वैज्ञानिक उपलब्धि आम नागरिकों को ई-कचरे के खतरे से बचाने के साथ-साथ महत्वपूर्ण खनिजों के मामले में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। वर्तमान में पुरानी बैटरियों के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था न होने से इन्हें खुले में फेंक दिया जाता है, जिससे इनके जहरीले रसायन और भारी धातुएं रिसकर मिट्टी व भूजल को दूषित करती हैं। इसके अलावा, भारत लिथियम और कोबाल्ट के लिए आयात पर निर्भर है, जिससे ईवी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण महंगे होते हैं। इस तकनीक से घरेलू स्तर पर बैटरियों का शत-प्रतिशत पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) संभव होगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ नई बैटरियों की लागत भी कम होगी।

कैसे काम करती है ‘शून्य-अपशिष्ट’ पर आधारित यह स्वदेशी तकनीक?

सीएसआईआर-एनएमएल की यह पद्धति क्लोज्ड-लूप और शून्य-अपशिष्ट (जीरो-वेस्ट) सिद्धांत पर आधारित है, जिसमें पूरी प्रक्रिया के दौरान कोई भी हानिकारक अपशिष्ट बाहर नहीं निकलता। वैज्ञानिकों के अनुसार यह प्रक्रिया निम्नलिखित चरणों में पूरी होती है:

  • ब्लैक मास तैयार करना: सबसे पहले खराब बैटरियों को यांत्रिक विधि से सुरक्षित रूप से खोलकर प्लास्टिक अलग किया जाता है। इसके बाद भीतर के मुख्य कैथोडिक पदार्थ को बारीक काले चूर्ण यानी ‘ब्लैक मास’ के रूप में प्राप्त किया जाता है।
  • लीचिंग प्रक्रिया: इस ब्लैक मास को एक विशेष रासायनिक घोल में लीचिंग प्रक्रिया से गुजारा जाता है, जिससे सभी धातुएं तरल रूप में समाहित हो जाती हैं।
  • शुद्ध धातुओं का पृथक्करण: अंत में अवक्षेपण, विलायक निष्कर्षण और इलेक्ट्रो-विनिंग तकनीकों के माध्यम से लिथियम, निकल, कोबाल्ट और मैंगनीज को अलग-अलग कर लिया जाता है। इस प्रक्रिया से प्राप्त लवण 98 प्रतिशत से अधिक और धातुएं 99.99 प्रतिशत तक शुद्ध होती हैं, साथ ही ग्रेफाइट को भी पूरी तरह सुरक्षित निकाल लिया जाता है।

व्यावसायिक उपयोग के लिए बेंगलुरु की कंपनी के साथ हुआ करार

इस स्वदेशी शोध को व्यावसायिक स्तर पर उतारने के लिए सीएसआईआर-एनएमएल ने बेंगलुरु स्थित कंपनी ‘मेसर्स सर्क्यूओर प्रा. लि.’ (M/s CircuOre Pvt. Ltd.) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। अब सर्क्यूओर बड़े पैमाने पर बैटरियों के पुनर्चक्रण का कार्य करेगी।

सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने कहा कि यह पहल भारत को ई-कचरा मुक्त समाज बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इस सफल शोध दल में प्रोजेक्ट लीडर डॉ. मनीष कुमार झा, डॉ. अंकुर शर्मा, शोधकर्ता डॉ. रेखा पांडा, डॉ. रुखसाना परवीन, डॉ. एसके पाल, डॉ. बीना कुमारी और डॉ. अंजनी कुमार साहू शामिल रहे। वहीं, सर्क्यूओर प्रा. लि. के निदेशक रविचंदर एस. और श्रीकुमार डीवी ने विश्वास जताया कि इस तकनीक से बैटरी कचरे का सुरक्षित निस्तारण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण दोनों संभव हो सकेंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News