Darbhanga News: अलीनगर से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर से जुड़े जमीन विवाद की शिकायत पर प्रशासन ने गुरुवार को तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा गांव में सरकारी रास्ते की मापी कराकर अतिक्रमण हटवाया। अन्य शिकायतों पर शनिवार को अंचल कार्यालय में सुनवाई होगी। वहीं, मैथिली ठाकुर ने परिवार पर लगे सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है।
दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड स्थित पोखरभिंडा गांव में जमीन विवाद की शिकायत पर प्रशासन ने गुरुवार को कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों की शिकायत के बाद डीसीएलआर अजय कुमार और अंचल अधिकारी (सीओ) आलोक कुमार अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सरकारी रास्ते की मापी कराई। शुरुआती मापी में सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण पाए जाने के बाद प्रशासन ने उसे तत्काल खाली कराया और रास्ते की जद में आ रहे पक्के निर्माण के एक हिस्से को भी हटवाया।
ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी को दिया था आवेदन
पोखरभिंडा गांव के निवासियों ने अंचल अधिकारी को लिखित आवेदन देकर सरकारी सड़क, निजी जमीन, ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान, राधाकृष्ण मंदिर, सामूहिक श्राद्धस्थल और नाले की जमीन पर कथित अतिक्रमण की शिकायत की थी। शिकायत करने वाले ग्रामीणों में भगवान मिश्र, गगन कुमार मिश्र, संतोष कुमार सिंह, प्रेमचंद मिश्र, रामदाय देवी और रामउदार मिश्र समेत अन्य लोग शामिल हैं।
आवेदन में शिकायतकर्ता गगन कुमार मिश्र ने अपनी करीब 3 डिसमिल 14 धुर निजी जमीन पर कब्जा कर बाउंड्री बनाने का आरोप लगाया है। वहीं, रामदाय देवी ने अपनी जमीन के किनारे मिट्टी कटाई किए जाने से नुकसान की आशंका जताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को अंचल कार्यालय में होगी आगे की सुनवाई
कार्रवाई के दौरान डीसीएलआर अजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण मिला था, जिसे मौके पर ही हटवा दिया गया है। शेष शिकायतों के निपटारे के लिए सभी शिकायतकर्ताओं को शनिवार को अंचल कार्यालय बुलाया गया है, जहां दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
इसके अलावा, राधाकृष्ण मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत के संबंध में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि मधुबनी जिले के क्षेत्राधिकार में आती है। इसलिए ग्रामीणों को मधुबनी प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
आरोपों पर विधायक मैथिली ठाकुर का पक्ष
इस पूरे विवाद पर अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने अपना पक्ष रखते हुए सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वह पिछले दो दिनों से इस मामले से जुड़ी पोस्ट देख रही हैं और उनके परिवार पर लगाए जा रहे भू-माफिया, जमीन हथियाने व गरीबों का हक छीनने जैसे आरोपों से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है।
मैथिली ठाकुर ने कहा कि उनके परिवार के खिलाफ लगाए जा रहे आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। उन्होंने मांग की कि यदि किसी के पास इस संबंध में कोई ठोस शिकायत या सबूत है, तो उसे सामने लाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए संबंधित अंचल अधिकारी से सवाल किया जाना चाहिए और गंभीर आरोप लगाने वालों को इसका आधार साबित करना चाहिए।