World News: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा की ऑटोबायोग्राफी में 2018 के ‘सैंडपेपर कांड’ में पूरी टीम के शामिल होने के दावे के बाद क्रिकेट जगत में हड़कंप मच गया है। इस विवाद पर अब ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने भी चुप्पी तोड़ने का फैसला किया है। कमिंस शुक्रवार, 13 नवंबर को सिडनी में मीडिया के सामने अपना पक्ष रखेंगे।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा (ऑटोबायोग्राफी) ने साल 2018 के चर्चित ‘सैंडपेपर कांड’ के पुराने जख्मों को एक बार फिर ताजा कर दिया है। इस घटना के कारण उस समय के कप्तान स्टीव स्मिथ, उप-कप्तान डेविड वॉर्नर और बल्लेबाज कैमरून बैनक्रॉफ्ट को प्रतिबंध झेलना पड़ा था। हालांकि, अब ख्वाजा ने अपनी किताब में खुलासा किया है कि इस मामले में केवल ये तीन खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम शामिल थी।
ख्वाजा के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है। डेविड वॉर्नर समेत कई पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों की प्रतिक्रियाओं के बाद अब मौजूदा टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय है कि पैट कमिंस भी 2018 के उस दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम का हिस्सा थे, जब केपटाउन टेस्ट के दौरान यह विवाद हुआ था।
शुक्रवार सुबह सिडनी में मीडिया से बात करेंगे पैट कमिंस
पैट कमिंस ने घोषणा की है कि वह शुक्रवार, 13 नवंबर को सिडनी में न्यू साउथ वेल्स (NSW) और साउथ ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे शेफील्ड शील्ड मैच के तीसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। कमिंस ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा, “ब्लूज़ के शील्ड मैच खेलने से पहले मैं कल सुबह क्रिकेट सेंट्रल में ट्रेनिंग कर रहा हूं। इस हफ्ते के घटनाक्रमों के बारे में सुबह 9.30 बजे मीडिया से बात करके खुशी होगी। मैंने उजी (उस्मान ख्वाजा) के आरोपों की लंबी सूची और उसकी पूरी गंभीरता को बेहतर ढंग से समझने के लिए कुछ समय लिया है, ताकि मैं ठीक से जवाब दे सकूं। इसके बाद कृपया रुकें और ब्लूज को सपोर्ट करें।”
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दोबारा जांच से किया इनकार
इस नए विवाद के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने स्पष्ट कर दिया है कि वह 2018 के इस मामले की दोबारा जांच नहीं कराएगा। वहीं, बोर्ड के अंतरिम चेयरमैन डेविड बून ने भी कप्तान के रूप में पैट कमिंस का पूरा समर्थन किया है। बून ने कहा, “जब से वह कप्तान बने हैं, उन्होंने पूरी ईमानदारी और बेहद कामयाबी के साथ टीम का नेतृत्व किया है, इसलिए उन पर हमारे भरोसे को लेकर कोई सवाल ही नहीं उठता।” गौरतलब है कि कमिंस 2018 में केपटाउन टेस्ट के दौरान अपने करियर का महज 10वां टेस्ट मैच खेल रहे थे और बाद में वर्ष 2021 में उन्हें ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई थी।
डेविड वॉर्नर ने किया उस्मान ख्वाजा के दावों का समर्थन
इससे पहले, वर्ष 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो क्लिप साझा कर ख्वाजा का समर्थन किया। वॉर्नर ने वीडियो में कहा, “इस विषय पर बात किए हुए मुझे आठ साल हो गए हैं। उजी, मैं तुम्हें अपना पूरा समर्थन देता हूं। तुमने जो किया, उसके लिए मैं तुम्हें धन्यवाद देता हूं। तुमने जो कुछ भी कहा है, वह 100 प्रतिशत सही है और अब सभी को सच पता चल गया है।”