Almora News: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बंदरों और अन्य वन्यजीवों के कारण पारंपरिक खेती को हो रहे नुकसान से निपटने के लिए जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान ने नई पहल की है। संस्थान अल्मोड़ा के 13 गांवों में तीन क्लस्टर बनाकर गेंदा फूल की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देगा। इस तीन वर्षीय परियोजना को जागेश्वर, चितई और कसारदेवी जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों की मांग से जोड़ा जाएगा।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बंदरों और अन्य वन्यजीवों के आतंक से पारंपरिक फसलों को हो रहे नुकसान के बीच किसानों और ग्रामीण महिलाओं के लिए पुष्प खेती (फ्लोरीकल्चर) एक मजबूत विकल्प बनकर उभरी है। किसानों की आय बढ़ाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल ने जलवायु अनुकूल पुष्प खेती को धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन से जोड़ने की एक विशेष योजना तैयार की है।
अल्मोड़ा के 13 गांवों में विकसित होंगे तीन क्लस्टर
प्रस्तावित तीन वर्षीय परियोजना का मुख्य उद्देश्य गेंदा (मैरीगोल्ड) फूल की व्यावसायिक खेती को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देना है। इसके लिए अल्मोड़ा जिले के 13 गांवों का चयन कर उन्हें तीन प्रमुख क्लस्टरों में विभाजित किया गया है:
- जागेश्वर क्लस्टर (धौलादेवी ब्लॉक)
- चितई-कसारदेवी क्लस्टर
- कटारमल क्लस्टर (हवालबाग ब्लॉक)
परियोजना के तहत प्रत्येक क्लस्टर में एक ‘आदर्श मैरीगोल्ड विलेज’ विकसित किया जाएगा। योजना के माध्यम से 30 ग्रामीण महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभार्थी बनाया जाएगा, जबकि क्षेत्र के 500 से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
महिलाओं को मिलेगा उत्पादन से लेकर मूल्य संवर्धन का प्रशिक्षण
इस पहल के तहत चयनित महिलाओं को उन्नत फूल उत्पादन, नर्सरी (पौधशाला) प्रबंधन, जैविक खेती, कटाई के बाद फूलों के सुरक्षित रखरखाव, मूल्य संवर्धन और कृषि उद्यमिता का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि गेंदा उत्पादन को स्थानीय धार्मिक पर्यटन से सीधे जोड़ा जा रहा है। जागेश्वर धाम, चितई गोलू देवता मंदिर और कसारदेवी जैसे प्रसिद्ध मंदिरों में होने वाली फूलों की भारी दैनिक मांग की आपूर्ति अब इन्हीं स्थानीय गांवों से की जाएगी। इससे किसानों को दूरदराज के बाजारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही नियमित बाजार मिल सकेगा।
वैज्ञानिक तकनीकों और जैविक खेती को बढ़ावा
संस्थान के प्रधान अन्वेषक डॉ. ललित गिरी के नेतृत्व में चयनित गांवों में गेंदा की उन्नत व उपयुक्त किस्मों और आधुनिक उत्पादन तकनीकों का प्रदर्शन एवं परीक्षण किया जाएगा।
संस्थान के निदेशक डॉ. आईडी भट्ट ने बताया कि परियोजना में जलवायु अनुकूल किस्मों, कम लागत वाली सामुदायिक पौधशालाओं, जैविक उर्वरकों के उपयोग, चीड़ की पत्तियों (पिरुल) से मल्चिंग, जल कुशल सिंचाई तथा एकीकृत कीट एवं पोषक तत्व प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जाएगा। वहीं, ‘माउंटेन एसोसिएशन ऑफ नियो इंटीग्रेटेड इन सेंट्रल हिमालय’ (मंच) ग्रामीणों को संगठित करने, तकनीकी प्रशिक्षण देने और मजबूत बाजार संपर्क (मार्केट लिंकेज) स्थापित करने में सहयोगी संस्था के रूप में कार्य करेगी।