Delhi News: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के बाद भारतीय व्यंजनों को लेकर अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि इटली से भारत आने पर खान-पान बदलना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। शुरुआती झिझक के बाद वे भारतीय भोजन की मुरीद हो गईं और आज अरहर की दाल-चावल उनके दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी इन दिनों अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर चर्चा में हैं। किताब जारी होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ और एक बातचीत के वीडियो में अपने निजी जीवन और भारतीय खान-पान से जुड़े दिलचस्प अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस तरह इटली से भारत आने के बाद वे धीरे-धीरे भारतीय व्यंजनों की दीवानी हो गईं।
खाने की तलाश में हुई थी राजीव गांधी से मुलाकात
सोनिया गांधी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि भोजन हमेशा से उनकी जीवन यात्रा का एक अहम हिस्सा रहा है। अच्छे खाने की तलाश के दौरान ही उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी और दोनों में प्रेम हुआ। उन्होंने लिखा कि सालों बाद भारत भी उनके जीवन में एक-एक व्यंजन के जरिए ही समाया। शुरुआत में भारत की भोजन विविधता ने उन्हें हैरान किया और मसालों ने थोड़ा डराया, लेकिन समय के साथ ‘दाल-चावल’ उनके घर का असली स्वाद बन गया, जिसके बिना वे एक दिन भी नहीं रह सकतीं।
घर के किचन में अरहर की दाल का खास स्थान
बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ साझा किए गए एक वीडियो में सोनिया गांधी ने अपने पसंदीदा व्यंजनों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उन्हें कबाब, चिकन टिक्का, तंदूरी चिकन, दाल मखनी, कश्मीरी कोफ्ता और हाख बेहद पसंद हैं। इसके साथ ही उन्हें बंगाली और गुजराती (विशेषकर सूरत का) खाना भी काफी भाता है।
जब प्रियंका ने उन्हें दाल-चावल की याद दिलाई, तो सोनिया गांधी ने मुस्कुराते हुए कहा कि जिस दिन से वे इस घर में आई हैं, तब से लेकर आज तक उनके घर में मुख्य रूप से अरहर (तुअर) की दाल ही बनती है।
खांडवी पकाने से लेकर इंदिरा गांधी के स्वाद की परख
बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने याद दिलाया कि बचपन में मां उनके लिए खांडवी बनाया करती थीं, जिसे सोनिया ने बेहद आसान व्यंजन बताया। इंदिरा गांधी का जिक्र आने पर प्रियंका ने कहा कि दादी खाना नहीं बना सकती थीं। इस पर सोनिया ने स्पष्ट किया कि हालांकि वे खाना नहीं बनाती थीं, लेकिन भोजन का स्वाद बढ़ाने के लिए कौन-सी सामग्री सही रहेगी, इसकी उन्हें बेहतरीन समझ थी।
1969 के गुजरात दौरे का संस्मरण
सोनिया गांधी ने संस्मरण में लिखा कि 1969 में जब वे इंदिरा गांधी के साथ गुजरात दौरे पर गई थीं, तो मसालों के डर से उन्होंने चार दिनों तक स्थानीय भोजन नहीं चखा और केवल तरबूज व अन्य फलों पर समय बिताया। बाद में जब गुजराती व्यंजनों का असली स्वाद समझा, तो उन्हें उस फैसले पर पछतावा हुआ।
उन्होंने बताया कि दिल्ली आने के बाद जब वे हरिवंश राय बच्चन के घर रहती थीं, तो मसालों की महक उनके बालों और कपड़ों में बस जाती थी। धीरे-धीरे उन्होंने पंजाबी सरसों का साग व मक्के की रोटी, दक्षिण भारतीय इडली-डोसा, ककोरी कबाब से लेकर गोवा और बंगाल के व्यंजनों को अपनी दिनचर्या में शामिल कर लिया।