Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पिछले दो साल से फर्जी प्रवर्तन निदेशालय (ED) अधिकारी बनकर अफसरों पर रौब गांठने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चिकित्सीय परीक्षण के लिए ले जाते समय आरोपी ने पुलिस वाहन से कूदकर आत्महत्या का प्रयास भी किया, जिसे पुलिसकर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए विफल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पिता को भी गिरफ्तार किया है, जिसके खाते से ठगी के 32 लाख रुपये बरामद हुए हैं।
फरह थाना क्षेत्र के दीनदयाल धाम स्थित नगला बर निवासी सचिन शर्मा लंबे समय से खुद को ईडी का वरिष्ठ अधिकारी बताकर जिले के अधिकारियों को डरा-धमका रहा था। सोमवार दोपहर वह सीओ रिफाइनरी कार्यालय पहुंचा। बातचीत के दौरान संदेह होने पर जब सीओ ने उससे पहचान संबंधी साक्ष्य मांगे, तो वह सकपका गया। इसके बाद लखनऊ स्थित ईडी मुख्यालय से संपर्क कर पुष्टि की गई, जहां उसके फर्जी होने की पुष्टि होते ही पुलिस ने उसे कार सहित हिरासत में ले लिया।
पिता के खाते में मिली ठगी की 32 लाख की रकम
पूछताछ के दौरान आरोपी सचिन शर्मा ने अपने पिता सुरेश शर्मा की भूमिका का भी खुलासा किया। आरोपी के अनुसार, उसके पिता ने ही उसे नौकरी के बजाय कोई ऐसा काम करने की सलाह दी थी जिससे बिना मेहनत बड़ा पैसा कमाया जा सके। वह ठगी से वसूली गई रकम अपने पिता के बैंक खाते में मंगवाता था। पुलिस की वित्तीय जांच में पिता के खाते में 32 लाख रुपये की जमा राशि मिली, जो दो लोगों से की गई ठगी से जुटाई गई थी। साक्ष्य सामने आने के बाद पुलिस ने पिता सुरेश शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया।
अस्पताल ले जाते समय वाहन से कूदने का प्रयास
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस टीम जब सचिन शर्मा को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जा रही थी, तभी बाद रेलवे पुल के समीप उसने निराशा जताते हुए पुलिस वाहन से छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दोबारा पकड़ लिया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके पिता को पूछताछ के उपरांत जेल भेजा जाएगा।
आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को कुर्क कराया जाएगा। पुलिस अब इस बात की विस्तृत छानबीन कर रही है कि इन शातिरों ने अब तक किन-किन व्यक्तियों से संपर्क कर कितने रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। घटना के बाद से आरोपी के परिजन मकान पर ताला लगाकर फरार हैं।