Kota News: राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के एक जवान की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। सेना के ट्रक को पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हादसा सोमवार दोपहर करीब दो बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ। कोटा स्थित सेना की छावनी में तैनात दो जवान सेना के ट्रक में पीछे बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे एक ट्रेलर ने सेना के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों जवान उछलकर सड़क पर जा गिरे।
आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे मृतक जवान
हादसे की सूचना मिलते ही सुल्तानपुरा थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी दौलत साहू के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वाले जवान की पहचान आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा निवासी नारायण लाल के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरे जवान को तत्काल उपचार के लिए कोटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सड़क पर बिखरे खाली गैस सिलेंडर, चालक हिरासत में
पुलिस के अनुसार, सेना के ट्रक को टक्कर मारने वाले ट्रेलर में खाली गैस सिलेंडर लदे हुए थे। भिड़ंत के बाद बड़ी संख्या में सिलेंडर एक्सप्रेसवे पर बिखर गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सड़क पर फैले सिलेंडरों को हटवाकर आवागमन सुचारू कराया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।