Yamunanagar News: दीपावली पर भोजन की बर्बादी रोकने और जरूरतमंदों तक खाना पहुंचाने के लिए यमुनानगर की प्रिया अरोड़ा ने 17 साल की उम्र में रोटी बैंक की शुरुआत की थी। कॉलेज में सहेलियों के टिफिन से शुरू हुई यह मुहिम अब शांति फाउंडेशन के जरिए 20 हजार लोगों तक पहुंच चुकी है, जिसमें 25 सहयोगी बिना वेतन सेवा दे रहे हैं।
त्योहारों पर जहां घरों में तरह-तरह के पकवान बनते हैं, वहीं समाज में कई लोगों के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी चुनौती होता है। इसी अंतर को कम करने और अन्न की बर्बादी रोकने के उद्देश्य से ग्रीन विहार कालोनी निवासी प्रिया अरोड़ा ने यह कदम उठाया। गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज में पढ़ाई के दौरान सहेलियों के टिफिन से बची रोटियों को एकत्र करने से शुरू हुआ यह सफर आज एक संगठित समाजसेवा का रूप ले चुका है।
कॉलेज के टिफिन से रोजाना जुटने लगीं 500 रोटियां
प्रिया जब गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज में पढ़ती थीं, तब उन्होंने देखा कि कई छात्राएं टिफिन में बची रोटियां वापस घर ले जाती हैं। उन्होंने अपनी कक्षा से रोटियां एकत्र करने की शुरुआत की। तत्कालीन प्रिंसिपल और वर्तमान कॉलेज निदेशिका डॉ. विरेंद्र गांधी के सहयोग से यह अभियान पूरे कॉलेज में फैल गया। इसके बाद छात्राएं अपने घरों से भी अतिरिक्त रोटियां लाने लगीं, जिससे रोजाना करीब 500 रोटियां जुटने लगीं। इन रोटियों को कुष्ठ आश्रम, रेलवे स्टेशन, बस्तियों और झुग्गियों में रहने वाले बेसहारा लोगों तक पहुंचाया गया।
कार से शुरुआत के बाद तैयार हुई फूड वैन
शुरुआती दौर में प्रिया अपनी निजी कार से जरूरतमंदों तक खाना पहुंचाती थीं। धीरे-धीरे सहपाठी, पड़ोसी और अन्य लोग भी इस अभियान से जुड़ते चले गए। वितरण व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए फूड वैन की व्यवस्था की गई। 13 सितंबर 2018 को कॉलेज निदेशिका डॉ. विरेंद्र गांधी ने विधिवत इसका शुभारंभ कर इसे ‘रोटी बैंक’ नाम दिया। पढ़ाई पूरी होने के बाद भी प्रिया ने इस सेवा को जारी रखा। वर्तमान में टीम में 15 सक्रिय सदस्य और 10 अन्य सहयोगी अपनी उपलब्धता के आधार पर व्यवस्था संभालते हैं।
होटलों और मैरिज पैलेसों से संपर्क, भोजन का सुरक्षित वितरण
टीम इंटरनेट मीडिया और व्यक्तिगत संपर्कों के जरिए लोगों से अपील करती है कि घरों या आयोजनों में बचा खाना फेंकने के बजाय रोटी बैंक को दें। इसके लिए होटल, धर्मशालाओं और मैरिज पैलेसों से तालमेल किया गया है। सूचना मिलते ही सदस्य अपनी नौकरी और कारोबार से समय निकालकर मौके पर पहुंचते हैं। भोजन को साफ-सुथरे तरीके से पैक कर वितरित किया जाता है और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वितरण के वीडियो भी दानदाताओं के साथ साझा किए जाते हैं।
राशन वितरण और आपदा में राहत कार्य
रोटी बैंक पात्र परिवारों को सूखा राशन भी उपलब्ध कराता है, हालांकि किसी को नकद सहायता नहीं दी जाती। इस पूरे कार्य का खर्च शांति फाउंडेशन के सहयोगियों और टीम सदस्यों की निजी आय से वहन होता है। टीम का कोई भी सदस्य मानदेय नहीं लेता।
कोरोना महामारी के संकट के दौरान टीम ने प्रतिदिन 2,000 से 2,200 लोगों तक भोजन पहुंचाने के साथ जरूरतमंदों को ऑक्सीजन सिलिंडर भी उपलब्ध कराए थे। इसके अतिरिक्त झुग्गियों में महिलाओं को सेनेटरी पैड, आश्रमों में कंबल और स्कूलों में बच्चों को शिक्षण सामग्री भी वितरित की जाती है। इन उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं के लिए प्रिया को जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित भी किया जा चुका है।
प्रिया अरोड़ा का कहना है कि एक तरफ जहां भोजन व्यर्थ जाता है, वहीं दूसरी तरफ लोग भूखे सोने को मजबूर हैं। भोजन की बर्बादी रोककर जरूरतमंदों तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और त्योहारों पर किसी भूखे का पेट भरना ही सबसे बड़ा उत्सव है।