Ambala News: अंबाला छावनी में 1857 की पहली आजादी की लड़ाई की स्मृति में बना भव्य शहीद स्मारक 15 नवंबर से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार शुरुआती एक महीने तक प्रतिदिन 500 दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा, जिसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से स्लॉट बुक करना अनिवार्य होगा।
अंबाला छावनी में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों की स्मृति में बनकर तैयार हुआ ऐतिहासिक शहीद स्मारक आगामी 15 नवंबर से आम जनता के दर्शन के लिए पूरी तरह खुल रहा है। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को यह घोषणा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार पहले एक महीने तक प्रतिदिन 500 दर्शकों को स्मारक का निःशुल्क भ्रमण कराया जाएगा।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा लोकार्पित किए जा चुके इस स्मारक को अगले सप्ताह से नियमित रूप से दर्शकों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक होगी टिकट बुकिंग, ऑनलाइन व्यवस्था भी शुरू
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बताया कि स्मारक देखने आने वाले लोगों के लिए सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। एक महीने तक मिलने वाले निःशुल्क प्रवेश का लाभ उठाने के लिए भी दर्शकों को पहले टिकट बुक कराना आवश्यक होगा।
दर्शक अपनी टिकट आधिकारिक वेबसाइट ambalawarmemorial.com पर जाकर ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। इसके अलावा, जो लोग मौके पर पहुंचकर टिकट लेना चाहते हैं, उनके लिए मेमोरियल परिसर में भी काउंटर की व्यवस्था की गई है।
मेरठ से 9 घंटे पहले अंबाला छावनी में सुलगी थी क्रांति की ज्वाला: अनिल विज
पत्रकारों से बातचीत करते हुए ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि देश की पहली आजादी की लड़ाई कांग्रेस की स्थापना से 28 वर्ष पहले 10 मई 1857 को अंबाला छावनी से शुरू हुई थी। यह विद्रोह मेरठ की घटना से भी 9 घंटे पहले शुरू हुआ था और जल्द ही पूरे देश में एक सशस्त्र क्रांति का रूप ले गया।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने स्वतंत्रता सेनानियों को पेड़ों से बांधकर गोलियां मारीं, लोगों पर कोल्हू चलवाए और पूरे-के-पूरे गांव आग के हवाले कर दिए। इतिहास में इन हजारों ज्ञात-अज्ञात बलिदानियों को वह यथोचित स्थान नहीं मिल सका जिसके वे हकदार थे। अंबाला छावनी में निर्मित यह भव्य शहीद स्मारक उन्हीं वीर हुतात्माओं के त्याग और बलिदान को अमर बनाए रखने का विनम्र प्रयास है।