Kaithal News: कैथल जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार वर्षीय बच्ची और एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला हादसा जाखौली के पास ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से हुआ, वहीं दूसरा हादसा चीका में अज्ञात वाहन द्वारा ऑटो को टक्कर मारने से पेश आया। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैथल जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही का कहर देखने को मिला, जहां दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक चार वर्षीय मासूम बच्ची और एक व्यक्ति ने अपनी जान गंवा दी। इन हादसों में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों मामलों में वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
जाखौली के पास ट्रैक्टर-ट्राली ने स्कूटर को मारी टक्कर
पहला हादसा गांव जाखौली के पास घटित हुआ। जींद के गांव अलेवा निवासी रोहताश ने तितरम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार शाम वह निजी काम से जाखौली जा रहा था। किच्छाना बस अड्डे से आगे उसके चाचा सत्यवान और राधेश्याम स्कूटर पर सवार होकर जाखौली में सत्यवान की बेटी ममता से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान राजौंद की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने लापरवाही से स्कूटर को टक्कर मार दी।
हादसे में घायल दोनों व्यक्तियों को नागरिक अस्पताल कैथल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सत्यवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राधेश्याम को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली सहित मौके से भाग निकला। तितरम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
चीका में ऑटो पलटने से चार वर्षीय बच्ची की मौत
दूसरा हादसा चीका में वकील कालोनी के कट के पास पेश आया। सलेमपुर गामड़ी निवासी पलविंद्र सिंह अपने ऑटो में सवार होकर अपनी चार वर्षीय बेटी प्रभजोत कौर के साथ मामा को खाना देने चीका चौक गया था। लौटते समय पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो सड़क पर पलट गया और पिता-पुत्री उसके नीचे दब गए।
आसपास के लोगों ने दोनों को तुरंत सीएचसी गुहला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बच्ची प्रभजोत को मृत घोषित कर दिया। पलविंद्र सिंह का अस्पताल में उपचार जारी है। पलविंद्र ने बताया कि विवाह के कई वर्ष बाद बच्चे न होने पर उन्होंने 2021 में बच्ची को अस्पताल से गोद लिया था। चीका थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश के अनुसार अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।