सूरत में मोबाइल की लत ने ली पिता की जान: पढ़ाई की सलाह देने पर बेटी ने कुकर के ढक्कन और चाकू से किया कत्ल

Share

- Advertisement -

Surat News: गुजरात के सूरत में मोबाइल फोन की लत को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में 22 वर्षीय युवती ने अपने ही पिता की निर्मम हत्या कर दी। पिता द्वारा मोबाइल छोड़कर पढ़ाई और घरेलू कामों में हाथ बंटाने की सलाह देने से नाराज होकर युवती ने पहले प्रेशर कुकर के ढक्कन से उनके सिर पर वार किया और फिर चाकू से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह सनसनीखेज घटना सूरत के अमरोली क्षेत्र की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यहां एक कमरे के मकान में रहने वाले रमेश सिंह राजपूत और उनकी पत्नी मंजूबेन की बेटी काजल (22 वर्ष) लंबे समय से मोबाइल की लत की शिकार थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर माता-पिता और बेटी के बीच कहासुनी होती रहती थी।

मोबाइल छोड़ने की बात पर भड़की आरोपी

31 अक्टूबर को पिता रमेश सिंह राजपूत ने अपनी बेरोजगार बेटी काजल को जरूरत से ज्यादा मोबाइल इस्तेमाल करने से मना किया और पढ़ाई पर ध्यान देने के साथ-साथ घर के कामों में मदद करने को कहा। इस बात पर वह बुरी तरह आक्रोशित हो गई। गुस्से में आकर उसने पास रखे प्रेशर कुकर के ढक्कन से पिता के सिर पर जोरदार हमला कर दिया।

इतने से भी जब उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो उसने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से गंभीर रूप से घायल पिता पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में हुई मौत

शोरगुल सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को इस खूनी वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक जयदीप वनार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से लहुलूहान पिता को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) पार्थ चोवटिया ने बताया कि पूछताछ में पड़ोसियों ने भी पुष्टि की है कि काजल का मोबाइल को लेकर अपने पिता से अक्सर विवाद होता था। पुलिस ने आरोपी बेटी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News