Gurugram News: गुरुग्राम के इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन के पास दिनदहाड़े स्नैचिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार एक शातिर बदमाश ने चलते ऑटो में बैठी महिला के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और ट्रैफिक के बीच से फरार हो गया। पीछे चल रही कार के डैशकैम में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
साइबर सिटी गुरुग्राम में दिनदहाड़े सड़कों पर छपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन के समीप 31 अक्टूबर को हुई एक वारदात का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें एक बाइक सवार बदमाश चलती गाड़ी से महिला का मोबाइल छीनता दिखाई दे रहा है। पीछे से आ रही एक कार में लगे डैशकैम में यह पूरी घटना कैद हो गई, जिसने शहर में कानून-व्यवस्था और गश्त के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चलती बाइक से एक हाथ से दिया वारदात को अंजाम
वायरल वीडियो के अनुसार, इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक ऑटो अपनी लेन में जा रहा था। इसी दौरान ऑटो के पीछे चल रही कार को ओवरटेक करते हुए एक अकेला बाइक सवार तेजी से आगे बढ़ा। शातिर बदमाश ने एक हाथ से बाइक का हैंडल संभाले रखा और दूसरे हाथ से ऑटो में बैठी महिला के हाथ से झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पलक झपकत ही भारी ट्रैफिक के बीच तेज रफ्तार में गायब हो गया। अचानक हुई इस घटना से ऑटो सवार महिला बुरी तरह सहम गई।
पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल
व्यस्ततम और प्रमुख चौराहों में गिने जाने वाले इफ्को चौक के पास दिनदहाड़े हुई इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था की कलई खोल दी है। आम नागरिकों का आरोप है कि पुलिस द्वारा मुख्य चौराहों पर नाकाबंदी और 24 घंटे निगरानी के दावे धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य सड़कों पर गश्त की कमी के चलते अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और घटना के बाद आसानी से फरार होने में सफल हो जाते हैं। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच और आरोपी की पहचान करने के प्रयास में जुटी है।