ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिठाई फैक्टरियों में मच्छर-मक्खी मिलने पर 360 किलो रसगुल्ले नष्ट

Share

- Advertisement -

Greater Noida News: गौतम बुद्ध नगर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को मिठाई निर्माण इकाइयों में औचक छापेमारी की। इस दौरान रसगुल्लों में मच्छर और मक्खियां मिलने पर 360 किलोग्राम दूषित रसगुल्ले मौके पर ही नष्ट कराए गए। विभाग ने जांच के लिए खाद्य पदार्थों के 9 नमूने प्रयोगशाला भेजे हैं।

गौतम बुद्ध नगर जिले में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग की एक विशेष टीम ने सोमवार को ग्रेटर नोएडा की विभिन्न मिठाई निर्माण फैक्टरियों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान फैक्टरियों में तैयार किए जा रहे रसगुल्लों में मक्खियां और मच्छर तैरते पाए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लेते हुए करीब 360 किलोग्राम दूषित रसगुल्लों को मौके पर नष्ट करवाया और गुणवत्ता जांच के लिए विभिन्न मिठाइयों के नौ नमूने एकत्र किए।

देवला और गढ़ी बावन बीघा में मिले दूषित रसगुल्ले

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त सर्वेश कुमार मिश्र ने बताया कि देवला स्थित एक मिठाई फैक्टरी की जांच के दौरान लगभग 300 किलोग्राम रसगुल्लों में भारी संख्या में मक्खियां और मच्छर पाए गए। प्रथम दृष्टया यह सामग्री पूरी तरह खाने के अयोग्य थी, जिसके चलते अधिकारियों की मौजूदगी में इसे नष्ट करा दिया गया। यहां से दूध, छेना और रसगुल्ले के नमूने भी लिए गए।

इसके अलावा गढ़ी बावन बीघा स्थित कृष्णा स्वीट भंडार पर की गई जांच में भी रसगुल्लों में मच्छर और मक्खियां पाई गईं। टीम ने वहां से करीब 60 किलोग्राम दूषित रसगुल्ले नष्ट करवाए और रसगुल्ले तथा डोडा बर्फी के नमूने सील किए।

चार प्रमुख फैक्टरियों से 9 नमूने जांच के लिए भेजे गए

सहायक आयुक्त के अनुसार, अभियान के तहत जोधपुरवाला स्थित एक फैक्टरी से केसर चमचम और लड्डू के नमूने एकत्र किए गए। वहीं तिलपता कर्णवास स्थित मिठाई निर्माण इकाई से बूंदी के लड्डू और रसगुल्ले के नमूने लिए गए। पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 9 खाद्य नमूने सील कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

सहायक आयुक्त सर्वेश कुमार मिश्र ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधित निर्माताओं और दुकानदारों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News