गुरुग्राम में रात भर चले सर्च ऑपरेशन के बाद मिली 10 साल की मासूम: मानसिक रूप से अस्वस्थ बच्ची पड़ोस की बिल्डिंग में सोती मिली

Share

- Advertisement -

Gurugram News: गुरुग्राम के मानेसर थाना क्षेत्र से अचानक लापता हुई 10 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ बच्ची को पुलिस ने रात भर चले सघन तलाशी अभियान के बाद सकुशल बरामद कर लिया है। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने और इलाके की घेराबंदी के बाद बच्ची सुबह पड़ोस की एक बिल्डिंग में सुरक्षित सोती हुई पाई गई, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

गुरुग्राम के मानेसर थाना अंतर्गत गांव नाहरपुर से लापता हुई 10 साल की एक मासूम बच्ची को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में सुरक्षित ढूंढ निकाला। बच्ची मानसिक रूप से अस्वस्थ है और रविवार रात करीब 8 बजे अपनी मां को बिना बताए घर से कहीं निकल गई थी। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने देर रात करीब 1 बजे मानेसर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

बच्ची की नाजुक मानसिक स्थिति और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मानेसर थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार ने खुद तलाशी अभियान की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में एएसआई परवीन, एलएचसी अनीता, थाना राइडर-89 और ईआरवी-259 की टीमों ने नाहरपुर गांव और आसपास के इलाकों में तुरंत संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

रात भर खंगाले गए सीसीटीवी कैमरे

पुलिस टीम ने रात भर इलाके के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी और दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही नाहरपुर गांव की हर गली और निर्माणाधीन व रिहायशी इमारतों की बारीकी से तलाशी ली गई। गहन तलाशी अभियान के दौरान सुबह बच्ची पड़ोस की ही एक बिल्डिंग में सोती हुई सुरक्षित मिल गई।

पुलिस के अनुसार, बच्ची मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण रास्ता भटक गई थी और भटकते हुए पड़ोस की इमारत में जाकर सो गई थी। बच्ची की मां रीता देवी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News