Sundernagar News: हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर उपमंडल के धनोटू थाना क्षेत्र के तहत हटगढ़ में दियारगी खेल मैदान के समीप शनिवार दोपहर एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय खिलाड़ियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
खिलाड़ियों ने पहुंचाया अस्पताल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे के बाद पेश आया। जिस समय यह दुर्घटना हुई, उस दौरान खेल मैदान में कुछ खिलाड़ी अभ्यास कर रहे थे। कार को पलटा हुआ देख खिलाड़ी तुरंत मौके पर दौड़े और घायल चालक को गाड़ी से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 20 वर्षीय आर्यन पुत्र रमेश कुमार, निवासी गांव छलकी, डाकघर दियारगी, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
दुर्घटना की सूचना मिलते ही धनोटू पुलिस थाना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। हादसे के स्पष्ट कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। सुंदरनगर के डीएसपी भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के तमाम पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।